
रायपुर। राजधानी में जमीन खरीदी-बिक्री के नाम पर एक कारोबारी से 11 करोड़ 50 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। औद्योगिक क्षेत्र उरला स्थित करीब 55 एकड़ जमीन का सौदा 23 करोड़ रुपये में तय हुआ था, जिसमें एडवांस के तौर पर आधी राशि दी गई थी। रजिस्ट्री से पहले ही खुलासा हुआ कि संबंधित जमीन पहले से बैंक में बंधक है।
पीड़ित कारोबारी विकास गोयल ने पुलिस को बताया कि साल 2023 में हाइटेक एब्रेसिव्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के डायरेक्टरों से जमीन खरीदने का समझौता हुआ था। कंपनी की उरला क्षेत्र में स्थित फैक्ट्री बंद हो चुकी थी और उसी जमीन को बेचने की बात कही गई थी। सौदे के तहत 11.50 करोड़ रुपये एडवांस दिए गए।
जब रजिस्ट्री की प्रक्रिया शुरू होने वाली थी, तब जानकारी मिली कि जमीन बैंक के पास गिरवी है और कंपनी पर करोड़ों रुपये का कर्ज बकाया है। इसके बाद कारोबारी ने सौदा रद्द कर अपनी रकम वापस मांगी, लेकिन आरोपियों द्वारा टालमटोल और गुमराह किया जाने लगा। अंततः पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 70 वर्षीय नारायण टेकरीवाल, उनके बेटे पंकज टेकरीवाल और प्रीतम टेकरीवाल को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी से जुड़े प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है। तीनों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।




