नरहरपुर। वन परिक्षेत्र नरहरपुर के ग्राम कुसुमपानी में रविवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक भालू का शावक कुएं में गिर गया। शावक के कुएं में गिरने की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने तत्काल वन विभाग को सूचना दी। इसके बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सुरक्षा के बीच रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
रेस्क्यू के दौरान वनकर्मियों के सामने बड़ी चुनौती थी, क्योंकि शावक के आसपास जंगल में नर और मादा भालू की मौजूदगी भी बताई गई। ऐसे में किसी तरह की अप्रिय स्थिति से बचने के लिए टीम ने बेहद सावधानी के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। काफी मशक्कत के बाद वन विभाग की टीम ने शावक को सुरक्षित कुएं से बाहर निकाल लिया।
शावक के सुरक्षित रेस्क्यू के बाद वन विभाग और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। वहीं, क्षेत्र में लगातार भालुओं की मौजूदगी ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। ग्रामीणों के अनुसार कुसुमपानी और आसपास के जंगल क्षेत्रों में भालुओं की आवाजाही बढ़ती दिखाई दे रही है।
वन विभाग ने ग्रामीणों से जंगल की ओर अकेले न जाने, रात के समय विशेष सावधानी बरतने और भालू या किसी अन्य वन्यजीव के दिखाई देने पर उसके करीब न जाने की अपील की है। वन विभाग ने लोगों से वन्यजीवों को सुरक्षित रास्ता देने और किसी भी तरह की सूचना तत्काल विभाग को देने को कहा है।




