AD
क्राइम

Crime News: 25 साल की रिया की बेरहमी से हत्या, पति ने सिर काटकर फ्रिज में छिपाया… सनसनीखेज हत्याकांड

सिर काटकर फ्रिज में छिपाने का आरोप

असम। Guwahati Murder Case: असम के गुवाहाटी से एक बेहद सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। हाटीगांव इलाके के बसिष्ठपुर बाइलेन स्थित एक घर से 25 वर्षीय रिया तालुकदार का शव बरामद होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस को शुरुआती जांच में उसके पति रामानुजन गोस्वामी पर हत्या का शक है।

मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई है कि महिला की हत्या के बाद कथित तौर पर उसके शव के साथ बेहद क्रूरता की गई। पुलिस के अनुसार, रिया का सिर धड़ से अलग कर उसे काले पॉलीथीन में रखा गया और फ्रिज में छिपाने का आरोप है। महिला की उंगलियां काटे जाने की बात भी शुरुआती जांच में सामने आई है।

पुलिस के मुताबिक रिया नूनमती इलाके की रहने वाली थी और फैंसी बाजार के एसी मार्केट में स्थित एक बुटीक में काम करती थी। उसके माता-पिता नहीं थे और परिवार में उसका एक भाई बताया जा रहा है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सोमवार को रिया और उसके पति के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस हुई थी। इसके बाद रामानुजन रात करीब 8 बजे घर से निकल गया था।

अगले दिन पड़ोसियों को घर से तेज दुर्गंध महसूस हुई। शक होने पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घर की तलाशी शुरू की। तलाशी के दौरान महिला का शव मिलने से पूरे मामले का खुलासा हुआ।

पुलिस के अनुसार, महिला की हत्या बेहद क्रूर तरीके से किए जाने की आशंका है। आरोप है कि हत्या के बाद रिया का सिर धड़ से अलग किया गया और उसे काले पॉलीथीन बैग में रखकर फ्रिज में छिपा दिया गया।

जांच में महिला की उंगलियां काटे जाने की बात भी सामने आई है। हालांकि, हत्या से जुड़े सभी तथ्यों की पुष्टि पुलिस की विस्तृत जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।

पुलिस का शुरुआती अनुमान है कि महिला की हत्या शव मिलने से करीब 24 से 48 घंटे पहले की गई होगी। फिलहाल हत्या की वास्तविक वजह सामने नहीं आई है।

पुलिस रामानुजन गोस्वामी की भूमिका समेत मामले के तमाम पहलुओं की जांच कर रही है। उसके पैतृक घर के रूप में गौरीपुर का नाम सामने आया है। पुलिस संदिग्ध पति की तलाश में जुटी है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटना के पीछे क्या वजह थी।

रिया के शव को गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (GMCH) भेजकर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद मौत के कारण और वारदात की परिस्थितियों को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी सामने आने की उम्मीद है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। पति की गिरफ्तारी और पूछताछ के बाद ही हत्याकांड की पूरी तस्वीर साफ होने की संभावना है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!