
तिल्दा नेवरा:
तिल्दा नेवरा क्षेत्र में 6 वर्षीय मासूम बच्ची के साथ हुए दुष्कर्म की दर्दनाक घटना के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित कांग्रेसियों ने एसडीएम आशुतोष देवांगन को पुलिस अधीक्षक के नाम ज्ञापन सौंपकर आरोपी को फांसी की सजा देने की मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि प्रदेश में अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं और उन्हें कानून का कोई डर नहीं रह गया है। मासूम बच्चियां तक अपराधियों के निशाने पर हैं, जो बेहद चिंताजनक है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर कब तक बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा से समझौता होता रहेगा।
ब्लॉक कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष बलदाऊ साहू ने कहा कि मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कर जल्द से जल्द आरोपी को कड़ी सजा दी जाए। साथ ही कानून व्यवस्था को मजबूत कर बहन-बेटियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि अब तक ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अजितेश शर्मा ने भी दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि ऐसे अपराधियों को फांसी की सजा मिलनी चाहिए, ताकि भविष्य में कोई भी इस तरह का जघन्य अपराध करने की हिम्मत न कर सके।
रायपुर जिला कोषाध्यक्ष मोती हिंदुजा ने कहा कि ऐसे क्रूर अपराधी का समाज में जिंदा रहना ही कलंक है और उसे जीने का कोई अधिकार नहीं होना चाहिए।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह घटना महिला और बच्चियों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। समाज, सरकार और प्रशासन को मिलकर ऐसे अपराधों के खिलाफ सख्त और प्रभावी कदम उठाने की जरूरत है, ताकि बेटियां सुरक्षित और सम्मानित महसूस कर सकें।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिला, तो आने वाले समय में उग्र आंदोलन किया जाएगा।
कार्यक्रम में उपस्थित प्रमुख लोग:
अजितेश शर्मा, बलदाऊ साहू, मोती हिंदुजा, सेवक बर्मन, लक्ष्मी नारायण वर्मा, हरी मारखण्डे, देवा दास टंडन, के. कृष्ण मूर्ति, तोरण जांगड़े, ओम ठाकुर, प्रशांत गुप्ता, कैलाश गांधी, लाला शर्मा, द्वारिका साहू, हेमलाल साहू सहित अन्य कांग्रेसी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




