
- कबीरधाम।
छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले के लोहारा थाना क्षेत्र अंतर्गत महाराटोला गांव में दहेज के लिए एक विवाहिता की हत्या का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि पति ने पहले पत्नी के साथ बेरहमी से मारपीट की और फिर उसे जहरीला पदार्थ पिलाकर मौत के घाट उतार दिया।
मृतका की पहचान लोकेश्वरी के रूप में हुई है। घटना के बाद आरोपी पति जोहन साहू ने महिला को लोहारा अस्पताल में भर्ती कराया, जहां हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर किया। इलाज के दौरान लोकेश्वरी की मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर मृतका के मायके पक्ष के लोग एसपी कार्यालय पहुंचे और ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया। परिजनों का कहना है कि दहेज को लेकर लंबे समय से लोकेश्वरी को प्रताड़ित किया जा रहा था और पति सहित ससुराल के अन्य सदस्यों ने मिलकर उसके साथ मारपीट कर जहर पिला दिया।
मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र सिंह बघेल ने बताया कि आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, वहीं ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यों की भूमिका की भी जांच चल रही है। दोषी पाए जाने पर सभी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद महाराटोला गांव में मातम पसरा हुआ है। मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और आगे की विवेचना जारी है।




