
रिपोर्टर ललित अग्रवाल
तिल्दा-नेवरा।
नगर के प्रसिद्ध श्री श्याम मंदिर में आयोजित 28वां श्याम महोत्सव भक्ति, श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर मंदिर परिसर श्याम बाबा के जयकारों और भजनों से गूंज उठा। देर रात तक चले भजन-कीर्तन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और भाव-विभोर होकर भक्ति में झूमते नजर आए।
महोत्सव के दौरान आकर्षक फूलों व विद्युत सज्जा से मंदिर को भव्य रूप दिया गया। बाहर से आए भजन गायकों ने एक से बढ़कर एक श्याम भजन प्रस्तुत किए, जिस पर श्रद्धालु नाचते-गाते रहे। “हारे का सहारा श्याम बाबा हमारा” जैसे जयघोषों से वातावरण भक्तिमय हो गया। 
कार्यक्रम के अंत में महाआरती और प्रसाद वितरण किया गया। आयोजन समिति ने बताया कि श्याम महोत्सव का उद्देश्य समाज में भक्ति, एकता और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करना है। महोत्सव में तिल्दा-नेवरा सहित आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।

श्याम महोत्सव के सफल आयोजन पर श्रद्धालुओं और श्री श्याम मित्र मंडल के सदस्यों ने बाबा श्याम के प्रति आभार व्यक्त किया।




