
रायपुर। देशभर में दक्षिण-पश्चिम मानसून की एंट्री के साथ ही छत्तीसगढ़ में भी मौसम का मिजाज बदलने लगा है। भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों को आने वाले दिनों में राहत मिलने की उम्मीद दिखाई दे रही है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में मानसून की प्रगति के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन चुकी हैं, जिसका असर अब मौसम में साफ नजर आने लगा है।
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई जिलों में तापमान में बदलाव दर्ज किया गया। राजधानी रायपुर और राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हालांकि मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक तापमान में किसी बड़ी बढ़ोतरी की संभावना से इनकार किया है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक प्रदेश में विभिन्न मौसम प्रणालियां सक्रिय हैं। इनके प्रभाव से कई इलाकों में हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने के आसार हैं। कुछ स्थानों पर आंधी और बिजली गिरने की संभावना भी जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है।
राजधानी रायपुर में शुक्रवार को दिनभर गर्मी का असर बना रह सकता है, लेकिन आसमान में बादल छाए रहने और कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है। तेज हवाओं के चलते मौसम में बदलाव महसूस किया जा सकता है।
मौसम विभाग का कहना है कि मानसून लगातार आगे बढ़ रहा है और आने वाले दिनों में इसका प्रभाव प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में दिखाई देगा। इससे तापमान में गिरावट आने के साथ मौसम सुहावना होने की उम्मीद जताई जा रही है।




