
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा-चांपा भारतमाला मुख्य मार्ग पर बीती रात एक रूह कंपा देने वाला सड़क हादसा हो गया। बिलासपुर जिले के मस्तूरी क्षेत्र से कोरबा की ओर जा रही एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए।
इस दर्दनाक दुर्घटना में कार सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों की पहचान राहुल राय और विराट अग्रवाल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि कार क्रमांक सीजी-10-पीएफ-9922 में सवार सभी युवक एक बारात में शामिल होने जा रहे थे, लेकिन सफर के दौरान खुशियां मातम में बदल गईं।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को क्षतिग्रस्त वाहन से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों की हालत नाजुक होने के चलते प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर कर दिया गया है।
मामले की जांच उरगा थाना पुलिस द्वारा की जा रही है। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और वाहन पर नियंत्रण खोना बताया जा रहा है।




