SOCIAL NEWS: ‘कार चाहिए तो शादी नहीं…’ दहेज मांग पर दुल्हन ने तोड़ी शादी, बैरंग लौटी बारात
बांदा में कार की मांग पर मंडप से पहले टूटा रिश्ता, दुल्हन के फैसले की इलाके में हो रही चर्चा
बांदा। SOCIAL NEWS: उत्तर प्रदेश के बांदा जिले के अतर्रा क्षेत्र में दहेज की मांग को लेकर शादी टूटने का मामला सामने आया है, जहां दूल्हे पक्ष द्वारा दहेज में कार की मांग किए जाने पर दुल्हन ने साफ तौर पर शादी से इनकार कर दिया, जिसके बाद बारात बिना विवाह के ही वापस लौट गई।
जानकारी के अनुसार अतर्रा कोतवाली क्षेत्र के एक परिवार ने अपनी बेटी की शादी कस्बे के ही एक युवक से तय की थी और शादी की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई थीं, कई रस्में भी पहले ही संपन्न हो चुकी थीं। बताया जा रहा है कि बारात आने से ठीक पहले दूल्हे पक्ष ने अचानक अतिरिक्त दहेज के रूप में कार की मांग रख दी, जिससे दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया।
दुल्हन पक्ष का कहना था कि तिलक कार्यक्रम के दौरान जो भी मांग रखी गई थी, उसे पहले ही पूरा कर दिया गया था, ऐसे में अचानक कार की मांग करना गलत है और इसे पूरा करना संभव नहीं है। इसी बात को लेकर दोनों परिवारों के बीच बहस और हंगामा शुरू हो गया। जब इस विवाद की जानकारी दुल्हन तक पहुंची तो उसने दहेज की मांग को गलत बताते हुए शादी करने से साफ मना कर दिया।
दुल्हन के इस फैसले से माहौल और भी गरमा गया और पूरे इलाके में इस घटना की चर्चा फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाने की कोशिश की, लेकिन दुल्हन अपने फैसले पर अडिग रही और उसने दहेज की मांग के साथ शादी करने से इनकार कर दिया।
आखिरकार स्थिति ऐसी बन गई कि बारात को बिना शादी के ही वापस लौटना पड़ा। मामले को सुलझाने के लिए पंचायत भी बैठाई गई, लेकिन वहां भी कोई समाधान नहीं निकल पाया। अतर्रा कोतवाली के एसओ संजीव चौबे ने बताया कि पुलिस को मामले की सूचना मिली थी और दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया गया, हालांकि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं दी गई है।
उन्होंने कहा कि यदि तहरीर दी जाती है तो मामले में कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं इस घटना के बाद कई लोग दुल्हन के फैसले की सराहना भी कर रहे हैं और इसे दहेज प्रथा के खिलाफ एक मजबूत कदम बता रहे हैं।





