क्राइम

CRIME NEWS: ट्रेन में दोस्ती कर बुजुर्ग को बनाया शिकार, अश्लील वीडियो से ब्लैकमेल कर ठगे 8.8 लाख

 वीडियो कॉल के जाल में फंसाकर रची साजिश, नकली इन्वेस्टिगेटर बन धमकाते रहे आरोपी

अहमदाबाद के जशोदानगर इलाके से साइबर ठगी और ब्लैकमेलिंग का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां ट्रेन में हुई एक सामान्य सी दोस्ती बुजुर्ग के लिए बड़ा जाल साबित हुई और आरोपियों ने अश्लील वीडियो बनाकर उनसे 8.88 लाख रुपये वसूल लिए। पीड़ित बुजुर्ग, जो केटरिंग का व्यवसाय करते हैं,

साल 2023 में पंजाब के जालंधर एक धार्मिक कार्यक्रम में जा रहे थे, इसी दौरान फिरोजपुर स्टेशन से निखिल खुराना नाम का युवक ट्रेन में चढ़ा और उनकी बगल में बैठ गया, बातचीत शुरू हुई और धीरे-धीरे दोनों के बीच दोस्ती हो गई, जिसके बाद मोबाइल नंबर का आदान-प्रदान हुआ और लगातार संपर्क बना रहा। साल 2024 में आरोपी ने खुद को आर्थिक तंगी में बताकर आईईएलटीएस परीक्षा फीस के नाम पर 17 हजार रुपये भी ले लिए, जिससे बुजुर्ग का भरोसा और बढ़ गया, लेकिन यही भरोसा आगे चलकर उनके लिए सबसे बड़ी गलती साबित हुआ।

शिकायत के अनुसार, आरोपी ने पहले बुजुर्ग को अपना नग्न वीडियो भेजा और बाद में सितंबर 2025 में वीडियो कॉल कर अश्लील बातचीत करते हुए उन्हें जाल में फंसा लिया, इस दौरान पूरी बातचीत रिकॉर्ड कर ली गई और फिर उसी वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेलिंग शुरू कर दी गई।

आरोपी के भाई साहिल ने खुद को क्राइम ब्रांच का प्राइवेट इन्वेस्टिगेटर बताकर फोन किया और धमकी दी कि यदि पैसे नहीं दिए गए तो वीडियो रिश्तेदारों और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया जाएगा, जिससे घबराकर और मानसिक दबाव में आकर बुजुर्ग ने आरोपियों को कुल 8.88 लाख रुपये दे दिए। आरोपियों ने कुल 15 लाख रुपये की मांग की थी और पैसे देने के बाद भी धमकियों का सिलसिला जारी रहा, जिससे परेशान होकर आखिरकार बुजुर्ग ने साइबर हेल्पलाइन से संपर्क किया और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए अहमदाबाद के खोखरा पुलिस स्टेशन में निखिल खुराना, साहिल खुराना और राहुल के खिलाफ केस दर्ज किया गया है और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है, साथ ही आरोपियों की तलाश जारी है। यह घटना एक बार फिर यह साबित करती है कि सोशल मीडिया, वीडियो कॉल और अनजान लोगों से बढ़ती नजदीकियां किस तरह खतरनाक जाल में बदल सकती हैं, जहां एक छोटी सी लापरवाही किसी को लाखों की ठगी और मानसिक प्रताड़ना का शिकार बना सकती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!