
महासमुंद | जिले की सिंघोड़ा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए महाराष्ट्र के दो गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लाखों रुपये कीमत का गांजा और मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी उड़ीसा से गांजा लेकर नागपुर ले जाने की तैयारी में थे।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मुरमुरी चौक पर एक महिला और एक पुरुष दो पिट्ठू बैग के साथ संदिग्ध हालत में बस का इंतजार कर रहे हैं। सूचना मिलते ही सिंघोड़ा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों संदिग्धों को हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम पराग ध्रुव और सायली मसराम निवासी नागपुर, महाराष्ट्र बताया। तलाशी के दौरान दोनों के बैग से कुल 6 किलो 360 ग्राम गांजा बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार जब्त गांजे की कीमत करीब 3 लाख 18 हजार रुपये आंकी गई है। इसके अलावा आरोपियों के पास से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। कुल जब्त संपत्ति की कीमत लगभग 3 लाख 38 हजार रुपये बताई गई है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी उड़ीसा के बलांगीर जिले से गांजा लेकर नागपुर ले जाने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक प्रक्रिया के बाद जेल भेज दिया है।
पुलिस का कहना है कि सीमावर्ती क्षेत्रों में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए लगातार निगरानी और अभियान चलाए जा रहे हैं।



