बोर के पानी से आ रही मिट्टी तेल जैसी गंध, निकल रहा काला लिक्विड
सक्ती जिले के घोघरी गांव में दो महीने से परेशान किसान परिवार

सक्ती | जिले के ग्राम घोघरी में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। गांव के एक किसान परिवार के बोरवेल से निकलने वाले पानी में मिट्टी तेल जैसी तेज गंध आ रही है, वहीं काले और लाल रंग का लिक्विड निकलने की बात भी सामने आई है। समस्या पिछले करीब दो महीनों से बनी हुई है, जिससे परिवार परेशान है।
ग्राम घोघरी निवासी भरत जायसवाल और उनके परिवार ने बताया कि उनका बोरवेल पिछले तीन-चार वर्षों से सामान्य रूप से चल रहा था। लेकिन करीब दो महीने पहले पानी कम होने लगा, जिसके बाद बोर में पाइप डलवाया गया। इसके बाद पानी तो आने लगा, लेकिन कुछ देर चलने के बाद पानी की गंध बदल गई और उसमें मिट्टी तेल जैसी बदबू आने लगी।
परिवार का कहना है कि जब बोर लगभग दो घंटे तक चलता है और पानी कम होने लगता है, तब करीब 10 मिनट तक लाल रंग और कालेपन वाला पानी निकलता है। साथ ही उसमें ज्वलनशील पदार्थ जैसी गंध महसूस होती है।
समस्या दूर करने के लिए परिवार ने बोर की सफाई भी करवाई और कई प्रकार के केमिकल डालकर परीक्षण कराया, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। इसके बावजूद गांव में पानी की कमी के कारण परिवार इसी पानी का उपयोग घरेलू कामों और निस्तारी में करने को मजबूर है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गांव में पेयजल व्यवस्था पहले से ही प्रभावित है और कई बोरवेल बंद पड़े हैं। ऐसे में लोगों के पास सीमित विकल्प बचे हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की जांच कर पानी की गुणवत्ता की जांच कराने और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने की मांग की है। फिलहाल इस रहस्यमयी पानी को लेकर गांव में चर्चा का माहौल बना हुआ है।




