घर में घुसकर युवक पर चाकू से हमला, 2 घंटे में आरोपी गिरफ्तार
पुराने विवाद को लेकर देर रात वारदात, हथबंद पुलिस की त्वरित कार्रवाई

बलौदाबाजार |
जिले के हथबंद थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रिंगनी में घर में घुसकर युवक पर चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रिपोर्ट दर्ज होने के महज दो घंटे के भीतर आरोपी को हिरासत में ले लिया।
जानकारी के अनुसार, प्रार्थी शिवा बघेल ने थाना हथबंद में शिकायत दर्ज कराई कि 23 मई 2026 की दोपहर वह आरोपी महेश बंजारे के साथ बैठा हुआ था। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद और बहस हो गई। विवाद के बाद प्रार्थी अपने घर लौट गया।
आरोप है कि रात करीब 2 बजे आरोपी महेश बंजारे गुस्से में प्रार्थी के घर पहुंचा और अश्लील गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपी ने चाकू से हमला कर शिवा बघेल को गंभीर रूप से घायल कर दिया।
मामले में हथबंद थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 107/2026 के तहत संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक ओ.पी. शर्मा के निर्देशन में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को कुछ ही घंटों में हिरासत में ले लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने दोपहर में हुए विवाद के कारण गुस्से में आकर हमला करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी महेश बंजारे (22 वर्ष), निवासी ग्राम रिंगनी थाना हथबंद को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।




