गांव में बनी महिला कमांडो टीम, पुलिस ने बांटी टोपी और सीटी
पामगढ़ पुलिस ने दर्री पंचायत में चलाया नशा मुक्ति और साइबर जागरूकता अभियान

जांजगीर-चांपा | जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत दर्री में पुलिस द्वारा विशेष जनजागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान महिलाओं की सुरक्षा और सामाजिक भागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से गांव में महिला कमांडो टीम का गठन किया गया। टीम की महिलाओं को टोपी और सीटी वितरित कर उन्हें सुरक्षा सहयोगी के रूप में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
यह अभियान पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सावन कुमार सारथी द्वारा आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों, महिलाओं और युवाओं को कानून, सुरक्षा और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करना था।
अभियान के दौरान महिला कमांडो टीम को साइबर अपराधों से बचाव, ऑनलाइन ठगी की पहचान और सतर्कता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। साथ ही सड़क सुरक्षा, हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग तथा राहगीरों की मदद के लिए संचालित राहवीर योजना के बारे में भी विस्तार से समझाया गया।
कार्यक्रम में नशा मुक्ति अभियान पर विशेष जोर दिया गया। ग्रामीणों और युवाओं को शराब और अन्य नशीले पदार्थों से दूर रहने की सलाह दी गई। इसके अलावा महिलाओं को घरेलू हिंसा, छेड़छाड़, बाल विवाह, महिला सुरक्षा कानून और आपात स्थिति में पुलिस सहायता लेने की प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने महिला कमांडो टीम से गांव में जागरूकता फैलाने, अपराधों की सूचना तत्काल पुलिस तक पहुंचाने और सामाजिक सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में सहयोग देने की अपील की।
पुलिस विभाग के अनुसार, इस तरह के अभियान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में कानून के प्रति विश्वास बढ़ाना, साइबर अपराधों और सामाजिक बुराइयों के खिलाफ जागरूकता फैलाना तथा महिला सुरक्षा को मजबूत करना है।




