
स्कूटी में बोरियों के जरिए हो रही थी सप्लाई, सरगुजा आबकारी टीम की कार्रवाई
सरगुजा | छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में आबकारी विभाग की संभागीय उड़नदस्ता टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ओडिशा से गांजा लेकर पहुंचे पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 22.600 किलो गांजा जब्त किया गया है, जिसकी बाजार कीमत करीब 4 लाख 50 हजार रुपए बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, आबकारी विभाग की टीम सीतापुर क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान जजगा पुलिया के पास मैनपाट रोड पर ओडिशा नंबर की टीवीएस जूपिटर स्कूटी पर एक दंपती संदिग्ध हालत में खड़ा दिखाई दिया। स्कूटी पर दो बड़ी बोरियां लदी हुई थीं, जिसके बाद टीम ने जांच शुरू की।
तलाशी लेने पर दोनों बोरियों में गांजा भरा मिला। पूछताछ में आरोपी की पहचान रूपनाथ यादव के रूप में हुई, जो मूल रूप से सीतापुर थाना क्षेत्र के वंदना गांव का निवासी है। उसने ओडिशा निवासी इच्छा यादव से शादी की है और वर्तमान में सुंदरगढ़, ओडिशा में रह रहा था।
आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह अपनी पत्नी के साथ ओडिशा से गांजा लेकर छत्तीसगढ़ पहुंचा था और इसकी सप्लाई करने की तैयारी में था। जब्त गांजे का वजन 22.600 किलो निकला, जिसकी अनुमानित कीमत करीब साढ़े चार लाख रुपए आंकी गई है।
आबकारी विभाग ने दोनों आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि छत्तीसगढ़ में बड़ी मात्रा में गांजा ओडिशा के रास्ते पहुंचता है और अब इस नेटवर्क से जुड़े बड़े तस्करों की भी तलाश की जा रही है।




