छत्तीसगढ़बिलासपुर

थाने में कबाड़ माफिया की ‘VIP खातिरदारी’!, चाय पीते फोटो वायरल होने से मचा बवाल

बिलासपुर में पुलिस पर संरक्षण देने के आरोप, ASP बोले - दस्तावेज जांच के लिए बुलाया गया था

बिलासपुर |

छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुई एक तस्वीर ने कोनी थाना पुलिस को विवादों में ला दिया है। तस्वीर में कथित कबाड़ माफिया अकबर खान थाने के भीतर आराम से बैठकर चाय पीते दिखाई दे रहा है, जबकि पुलिसकर्मी उसके आसपास मौजूद नजर आ रहे हैं।

वायरल तस्वीर सामने आने के बाद लोगों के बीच यह चर्चा तेज हो गई कि आरोपी को थाने में VIP ट्रीटमेंट दिया जा रहा है। सोशल मीडिया पर यूजर्स पुलिस की निष्पक्षता पर सवाल उठा रहे हैं। आरोप लगाए जा रहे हैं कि क्षेत्र में चल रहे अवैध कबाड़ कारोबार को पुलिस का संरक्षण प्राप्त है।

जानकारी के मुताबिक, कोनी थाना क्षेत्र में अवतार पैलेस के सामने संचालित कबाड़ दुकान को लेकर पहले भी शिकायतें सामने आती रही हैं। आरोप है कि कार्रवाई के नाम पर केवल औपचारिकता निभाई गई और आरोपी पर हल्की धाराओं में मामला दर्ज कर खानापूर्ति कर दी गई।

सूत्रों के अनुसार, इस मामले में कुछ पुलिसकर्मियों की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। चर्चा है कि अवैध कारोबार के बदले नियमित लेनदेन की शिकायतें लंबे समय से सामने आ रही थीं। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

इधर मामले ने तूल पकड़ा तो एडिशनल एसपी पंकज पटेल ने सफाई देते हुए कहा कि आरोपी को किसी प्रकार का VIP ट्रीटमेंट नहीं दिया गया था। उनके अनुसार, संबंधित व्यक्ति को दस्तावेजों की जांच के लिए थाने बुलाया गया था। ASP ने यह भी बताया कि विवादित कबाड़ दुकान को फिलहाल सील कर दिया गया है और मामले की जांच जारी है।

घटना के बाद पुलिस विभाग की कार्यशैली को लेकर सवाल उठ रहे हैं और लोग निष्पक्ष कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Mr. Prakash Joshi

प्रकाश जोशी पिछले 6 सालों से RVKD News चला रहे हैं और इसी नाम से यूट्यूब चैनल भी संचालित कर रहे हैं। इसके माध्यम से लगातार जनता की समस्याएँ प्रशासन तक पहुँचा रहे हैं और शासन की योजनाएँ जनता तक पहुँचा रहे हैं। 📍 तिल्दा-नेवरा, रायपुर (छत्तीसगढ़) 📞 मोबाइल: 8770564196

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!