
बिलासपुर
जिला कलेक्टर संजय अग्रवाल ने साप्ताहिक जनदर्शन में जिलेभर से पहुंचे नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध निराकरण के सख्त निर्देश दिए। जनदर्शन में शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों से कुल 103 आवेदन विभिन्न विषयों से संबंधित प्राप्त हुए।
इस दौरान नगर निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संदीप अग्रवाल भी उपस्थित रहे। कलेक्टर ने प्रत्येक आवेदक से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को समझा और अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ त्वरित समाधान सुनिश्चित करने कहा।

जनदर्शन में राजस्व, प्रधानमंत्री आवास योजना, पेयजल, अतिक्रमण, सामाजिक सुरक्षा और मूलभूत सुविधाओं से जुड़े मामलों की अधिकता रही। पचपेड़ी तहसील के ग्राम बिनौरी निवासी तुलसीराम कुर्रे ने प्रधानमंत्री आवास योजना की स्वीकृत राशि में गड़बड़ी की शिकायत करते हुए आरोप लगाया कि उनके नाम स्वीकृत 95 हजार रुपये किसी अन्य व्यक्ति के खाते में ट्रांसफर कर दिए गए। कलेक्टर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के निर्देश दिए और दोषियों पर कार्रवाई करने को कहा।
बेलतरा तहसील के बैमा गांव से मुक्तिधाम में अतिक्रमण हटाने के आदेश का पालन नहीं होने की शिकायत भी सामने आई। इस पर एसडीएम को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए। तखतपुर क्षेत्र से भी कई आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें शौचालय निर्माण सहायता और मजदूरी भुगतान लंबित होने की शिकायत शामिल है।
मोछ गांव के ग्रामीणों ने कुम्हार तालाब में अवैध मशीनों से खुदाई और मुरूम चोरी का आरोप लगाया, जिस पर खनिज विभाग को जांच के निर्देश दिए गए। वहीं रतनपुर तहसील के ग्राम पोंड़ में तालाब को निजी नाम पर दर्ज करने और उसे पाटने की शिकायत पर भी प्रशासन ने जांच शुरू करने के निर्देश दिए हैं।
बिल्हा विकासखंड के ग्राम गोढ़ी और पत्थरखान से पेयजल संकट के गंभीर मामले सामने आए, जहां जलस्तर काफी नीचे पहुंच गया है और जल जीवन मिशन की टंकी बंद पड़ी है। कलेक्टर ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
इसके अलावा अटल आवास इमलीभांटा के रहवासियों ने भी आवासीय समस्याएं उठाईं, जिन पर नगर निगम को कार्रवाई करने को कहा गया।
कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण कर आम जनता को जल्द राहत पहुंचाई जाए।




