
सक्ती।
छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना चंद्रपुर में पदस्थ सहायक उपनिरीक्षक (ASI) एस.एन. मिश्रा को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पुलिस अधिकारी को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए ACB की टीम ने एक ढाबे में दबोचा।
जानकारी के अनुसार थाना चंद्रपुर में शिवप्रसाद बरेठ के खिलाफ मारपीट और गाली-गलौज से जुड़ा मामला दर्ज किया गया था। इस प्रकरण की जांच ASI एस.एन. मिश्रा द्वारा की जा रही थी। आरोप है कि मामले में कड़ी कार्रवाई से बचाने के नाम पर उन्होंने शिवप्रसाद बरेठ से 40 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी।
पीड़ित ने मामले की शिकायत ACB बिलासपुर से की। शिकायत मिलने के बाद ACB टीम ने मामले का सत्यापन किया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए टीम ने आरोपी ASI को 20 हजार रुपये लेते समय रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
मामले की जानकारी मिलते ही सक्ती पुलिस अधीक्षक Prafull Kumar Thakur ने आरोपी ASI एस.एन. मिश्रा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। साथ ही उन्हें रक्षित केंद्र सक्ती से संबद्ध किया गया है।
पुलिस विभाग की ओर से कहा गया है कि पद के दुरुपयोग और विभागीय छवि को धूमिल करने वाले मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वहीं ACB की कार्रवाई के बाद जिले में हड़कंप मच गया है।
फिलहाल ACB आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।



