
तिल्दा नेवरा।
तिल्दा नेवरा में आयोजित नेशनल लोक अदालत ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि आपसी सहमति, संवाद और समझौते के जरिए न्याय प्रक्रिया को सरल, सुलभ और त्वरित बनाया जा सकता है। व्यवहार न्यायालय तिल्दा नेवरा एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में शनिवार को आयोजित लोक अदालत में कुल 597 मामलों का निराकरण किया गया। इस दौरान विभिन्न प्रकरणों में कुल 6 लाख 95 हजार 800 रुपये के अवार्ड पारित किए गए, जिससे सैकड़ों लोगों को राहत मिली।
लोक अदालत में क्रिमिनल प्रकरण, चेक बाउंस मामले, ट्रैफिक चालान, बैंक संबंधी विवाद, मोटर दुर्घटना क्लेम, बीमा विवाद, पारिवारिक मामले, बिजली बिल, संपत्तिकर, जलकर एवं अन्य राजीनामा योग्य मामलों का आपसी सहमति से समाधान किया गया। वर्षों से लंबित कई मामलों के निपटारे से पक्षकारों ने राहत की सांस ली।
इस अवसर पर न्यायालयीन अधिकारियों ने कहा कि लोक अदालत न्याय प्राप्ति का एक प्रभावी माध्यम है, जहां कम समय और कम खर्च में विवादों का समाधान संभव होता है। लोक अदालत के माध्यम से न केवल न्यायालयों का भार कम होता है, बल्कि समाज में सौहार्द और आपसी समझ भी बढ़ती है।
कार्यक्रम में न्यायिक अधिकारी, अधिवक्ता, विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में पक्षकार उपस्थित रहे। लोक अदालत के सफल आयोजन को लेकर लोगों ने संतोष व्यक्त किया और इसे जनहित में महत्वपूर्ण पहल बताया।




