
तिल्दा-नेवरा।
केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर चलाए जा रहे जनसंपर्क एवं “घर-घर चलो” अभियान के तहत छत्तीसगढ़ के राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने बलौदाबाजार विधानसभा क्षेत्र के ग्राम परसाभदेर (च), हलवाई खपरी, छुईहा एवं अचानकपुर का दौरा किया।
दौरे के दौरान मंत्री वर्मा ने ग्रामीणों, वरिष्ठ नागरिकों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर विभिन्न शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन एवं उनके लाभों के संबंध में फीडबैक प्राप्त किया। उन्होंने ग्रामीणों के साथ संवाद करते हुए केंद्र सरकार द्वारा पिछले 12 वर्षों में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं, सुशासन, आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत के संकल्प पर चर्चा की।
राजस्व मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के मूल मंत्र के साथ निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

ग्रामीणों ने भी विभिन्न योजनाओं के संबंध में अपने अनुभव साझा किए तथा क्षेत्रीय विकास से जुड़े विषयों पर चर्चा की। इस अवसर पर अभियान से जुड़े कार्यकर्ता एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। :::




