
रायगढ़ |
पुलिस कर्मियों और उनके परिवारों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से संचालित पुलिस सैलरी पैकेज योजना के अंतर्गत 6वीं वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल रायगढ़ के दिवंगत आरक्षक किशोर कुमार खलखो के आश्रित परिवार को 10 लाख रुपये की बीमा राशि प्रदान की गई है। यह सहायता कठिन परिस्थितियों में परिवार के लिए महत्वपूर्ण संबल साबित हुई है।
जानकारी के अनुसार, 6वीं वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की सी-कंपनी कैंप सेन्ड्रा, जिला बीजापुर में पदस्थ आरक्षक क्रमांक 298 किशोर कुमार खलखो का 23 मार्च 2026 को उपचार के दौरान आकस्मिक निधन हो गया था। वे वर्ष 2009 में आरक्षक (जीडी) के पद पर नियुक्त हुए थे और अपने सेवाकाल में कर्तव्यनिष्ठा के साथ दायित्वों का निर्वहन करते रहे।
पुलिस मुख्यालय रायपुर द्वारा पुलिस कर्मियों एवं उनके आश्रितों को आर्थिक सुरक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभिन्न बैंकों के साथ पुलिस सैलरी पैकेज योजना संचालित की जा रही है। इसी योजना के तहत 6वीं वाहिनी के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बैंक खातों को अद्यतन करने की प्रक्रिया पूरी की गई, जिससे पात्र कर्मचारियों और उनके परिवारों को योजना का लाभ मिल सके।
सेनानी निवेदिता पाल के मार्गदर्शन तथा भारतीय स्टेट बैंक, चक्रधरनगर शाखा के सहयोग से दिवंगत आरक्षक की पत्नी जोसफिन खलखो को 25 मई 2026 को 10 लाख रुपये की बीमित राशि प्रदान की गई। यह राशि सीधे उनके परिवार की आर्थिक सहायता के लिए उपलब्ध कराई गई।
जोसफिन खलखो ने इस सहायता के लिए पुलिस मुख्यालय एवं संबंधित अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह राशि उनके परिवार के लिए कठिन समय में बड़ी राहत लेकर आई है। उन्होंने बताया कि प्राप्त धनराशि का उपयोग अपने पुत्र की शिक्षा और भविष्य को बेहतर बनाने में किया जाएगा।
पुलिस सैलरी पैकेज योजना वर्तमान में पुलिस कर्मियों एवं उनके आश्रित परिवारों के लिए आर्थिक सुरक्षा का मजबूत माध्यम बन रही है। आकस्मिक परिस्थितियों में यह योजना परिवारों को आवश्यक वित्तीय सहयोग प्रदान कर उन्हें संबल देने का कार्य कर रही है। :::




