
तिल्दा-नेवरा। नगर पालिका परिषद तिल्दा-नेवरा के मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने शहरवासियों से स्वच्छ, स्वस्थ एवं सुंदर तिल्दा-नेवरा के निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ बनाए रखना केवल नगर पालिका की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का भी कर्तव्य है।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने बताया कि नगर पालिका द्वारा घर-घर कचरा संग्रहण की व्यवस्था संचालित की जा रही है तथा स्वच्छता दीदियां प्रतिदिन घरों से कचरा एकत्रित कर रही हैं। इसके बावजूद कुछ लोग घरेलू कचरा, प्लास्टिक, डिस्पोजल सामग्री एवं निर्माण मलबा नालियों और सड़कों पर फेंक रहे हैं, जिससे नालियां जाम हो रही हैं और जलभराव की स्थिति बन रही है। यही समस्या आगे चलकर मच्छरों और बीमारियों के फैलाव का कारण बनती है।
उन्होंने कहा कि अक्सर शहर में गंदगी नागरिकों द्वारा फैलाई जाती है, लेकिन आरोप नगर पालिका पर लगाया जाता है। यदि सभी लोग केवल कचरा वाहन में ही कचरा डालें और सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखें, तो शहर स्वतः सुंदर एवं स्वस्थ बनेगा।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने बताया कि वे स्वयं प्रतिदिन सुबह स्पोर्ट्स साइकिल से विभिन्न वार्डों का निरीक्षण कर रहे हैं। जहां भी नालियां अवरुद्ध मिल रही हैं या सड़क पर मलबा पाया जा रहा है, वहां तत्काल सफाई एवं हटाने की कार्रवाई कराई जा रही है।
नगर पालिका द्वारा प्रत्येक वार्ड के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं, जो प्रतिदिन वार्डों का निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था, अवैध निर्माण, अवैध नल कनेक्शन सहित अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा कर रिपोर्ट प्रस्तुत कर रहे हैं। इसके लिए अधिकारियों का एक व्हाट्सएप ग्रुप भी बनाया गया है, जिसमें नियमित रूप से निरीक्षण एवं कार्रवाई के फोटो साझा किए जा रहे हैं।
नगर पालिका प्रशासन के अनुसार पिछले एक माह में लगभग 100 लोगों को सड़क पर मलबा डालने, नालियां जाम करने एवं बिना अनुमति निर्माण कार्य करने के मामलों में नोटिस जारी किए गए हैं।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने बताया कि नगर क्षेत्र में करीब 950 अवैध नल कनेक्शन चिन्हित किए गए हैं। इन पर कार्रवाई 25 मई से प्रारंभ कर दी गई है तथा 01 जून से अभियान को और तेज किया जाएगा। नागरिकों से अपील की गई है कि वे अपने अवैध जल कनेक्शनों को नियमित कराएं।
संपत्ति कर संबंधी शिकायतों पर उन्होंने कहा कि नगर पालिका को कई आवेदन प्राप्त हो रहे हैं। जिन भवन स्वामियों ने अब तक नामांतरण अथवा संपत्ति कर निर्धारण नहीं कराया है, वे शीघ्र कार्यालय में आवेदन प्रस्तुत करें। गलत जानकारी देकर कम कर निर्धारण कराने वालों के खिलाफ जांच कर नियमानुसार 5 गुना अधिभार वसूला जाएगा।
उन्होंने बताया कि जल्द ही “नुक्कड़ पर चर्चा” अभियान शुरू किया जाएगा, जिसके तहत जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों एवं नागरिकों के साथ वार्ड स्तर पर संवाद कर विकास एवं सौंदर्यीकरण की योजना तैयार की जाएगी।
अंत में मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने सभी नागरिकों से शहर को अपना घर मानते हुए स्वच्छता बनाए रखने, कचरा सार्वजनिक स्थानों पर न फेंकने तथा नगर पालिका के स्वच्छता एवं विकास अभियानों में सहयोग देने की अपील की।
“स्वच्छ तिल्दा-नेवरा, स्वस्थ तिल्दा-नेवरा और विकसित तिल्दा-नेवरा का संकल्प हम सबके सहयोग से ही पूरा होगा।”




