योग से स्वस्थ जीवन का संदेश, जे. बी. इंटरनेशनल एवं जे. बी. पब्लिक स्कूल में उत्साहपूर्वक मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस

तिल्दा-नेवरा, 21 जून। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जे. बी. एजुकेशनल सोसाइटी के अंतर्गत संचालित जे. बी. इंटरनेशनल स्कूल एवं जे. बी. पब्लिक स्कूल में विविध योग एवं जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं विद्यालय परिवार ने बढ़-चढ़कर सहभागिता करते हुए योग को स्वस्थ, संतुलित एवं अनुशासित जीवन की आधारशिला बताया।
जे. बी. इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित विशेष योग सत्र में योग प्रशिक्षक सुश्री नीलिमा कुजूर ने विद्यार्थियों को योग के महत्व एवं उसके बहुआयामी लाभों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नियमित योगाभ्यास न केवल शरीर को स्वस्थ बनाता है, बल्कि मानसिक तनाव को कम कर आत्मविश्वास एवं सकारात्मक सोच को भी बढ़ावा देता है। उन्होंने विद्यार्थियों से प्रतिदिन योग एवं प्राणायाम को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
योग अभ्यास के दौरान विद्यार्थियों ने सुखासन, वज्रासन, ताड़ासन, वृक्षासन, त्रिकोणासन, भुजंगासन, सेतु बंधासन, पवनमुक्तासन, पद्मासन तथा सूर्य नमस्कार सहित विभिन्न योग मुद्राओं का अभ्यास किया। विद्यार्थियों ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नियमित योग करने का संकल्प भी लिया।
इसी क्रम में जे. बी. पब्लिक स्कूल में आयोजित योग सत्र में योग प्रशिक्षक सुश्री मुस्कान बत्रा ने विद्यार्थियों को योग के महत्व, विभिन्न आसनों की उपयोगिता तथा दैनिक जीवन में योग को अपनाने के लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि योग शारीरिक फिटनेस के साथ-साथ मानसिक एकाग्रता एवं आत्मिक शांति प्रदान करने का प्रभावी माध्यम है।
योग दिवस के उपलक्ष्य में विद्यालय में इंटर-हाउस पोस्टर मेकिंग एवं स्लोगन लेखन प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने आकर्षक पोस्टरों और प्रेरणादायक नारों के माध्यम से स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश दिया। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों की रचनात्मकता एवं योग के प्रति जागरूकता देखने को मिली।

विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल शैक्षणिक उपलब्धियां प्राप्त करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को सुनिश्चित करना भी है। इसी सोच के साथ विद्यालय में शिक्षा, खेल, कला, संस्कृति एवं स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों को समान प्राथमिकता दी जाती है।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने योग को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। आयोजन ने स्वास्थ्य, अनुशासन, सकारात्मक सोच एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।




