छत्तीसगढ़रायपुरलोकल न्यूज़

प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 108 हितग्राहियों को मिला भवन अनुज्ञा प्रमाण पत्र

तिल्दा-नेवरा नगर पालिका में हुआ वितरण कार्यक्रम, हितग्राहियों के खातों में जाएगी ₹2.82 लाख की राशि

तिल्दा-नेवरा।  नगर पालिका परिषद तिल्दा-नेवरा के सभाकक्ष में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 108 हितग्राहियों को भवन अनुज्ञा प्रमाण पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती चंद्रकला डॉक्टर खुमान वर्मा की उपस्थिति में आयोजित हुआ।

इस अवसर पर पालिका अध्यक्ष ने सभी हितग्राहियों को केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का उद्देश्य आम नागरिकों को सीधे लाभ पहुंचाना है। प्रधानमंत्री आवास योजना भी इसी दिशा में महत्वपूर्ण पहल है, जिसके माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को पक्के मकान का सपना पूरा करने में सहायता मिल रही है।

उन्होंने कहा कि नगर पालिका परिषद तिल्दा-नेवरा क्षेत्र के विकास और नागरिकों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि ट्रिपल इंजन की सरकार में विकास कार्यों को गति मिली है और सभी वर्गों के लोगों को योजनाओं का लाभ मिल रहा है।

हितग्राहियों के खातों में जाएगी ₹2,82,850 की राशि

पालिका अध्यक्ष ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्रत्येक हितग्राही को कुल ₹2 लाख 82 हजार 850 रुपये की राशि प्रदान की जाएगी। इसमें से ₹32,850 रुपये भवन निर्माण पूर्ण होने के बाद गृह प्रवेश से संबंधित खर्च के लिए निर्धारित किए गए हैं।

अधूरे मकान छोड़ने वाले ठेकेदारों से सावधान रहने की अपील

कार्यक्रम के दौरान पालिका अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को कुछ ठेकेदारों के संबंध में मिल रही शिकायतों को लेकर सावधान किया। उन्होंने कहा कि ऐसे ठेकेदारों से बचें, जो निर्माण कार्य का जिम्मा लेकर मकान अधूरा छोड़ देते हैं।

नगर पालिका के सीएमओ अमिताभ शर्मा ने भी हितग्राहियों से निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण तरीके से कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि कुछ ठेकेदारों के खिलाफ हितग्राहियों से राशि लेने के बाद मकान अधूरा छोड़ने की शिकायतें प्राप्त हुई हैं। ऐसे मामलों में भविष्य में रिकवरी के साथ कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है।

कार्यक्रम में ये रहे मौजूद

कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती चंद्रकला डॉक्टर खुमान वर्मा, सभापति ईश्वर यदु, सतीश निषाद, पार्षद गोविंद उर्फ बब्बन लालवानी, अध्यक्ष प्रतिनिधि डॉ. खुमान वर्मा, पार्षद प्रतिनिधि प्रेम कोसले, लक्ष्मी चंद नागवानी, अरुण अग्रवाल, नगर पालिका सीएमओ अमिताभ शर्मा सहित नगर पालिका के जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में हितग्राही उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान सभी हितग्राहियों को पालिका अध्यक्ष की ओर से स्वल्पाहार भी कराया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत भवन अनुज्ञा प्रमाण पत्र प्राप्त होने पर हितग्राहियों के चेहरों पर खुशी साफ नजर आई।

Mr. Prakash Joshi

प्रकाश जोशी पिछले 6 सालों से RVKD News चला रहे हैं और इसी नाम से यूट्यूब चैनल भी संचालित कर रहे हैं। इसके माध्यम से लगातार जनता की समस्याएँ प्रशासन तक पहुँचा रहे हैं और शासन की योजनाएँ जनता तक पहुँचा रहे हैं। 📍 तिल्दा-नेवरा, रायपुर (छत्तीसगढ़) 📞 मोबाइल: 8770564196

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!