
कवर्धा। सिटी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मझगांव में घर से हुई 12.50 लाख रुपए की चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने प्रकरण में आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की रकम में से 11 लाख 53 हजार रुपए बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण और लगातार की गई पतासाजी के बाद आरोपियों तक पहुंच बनाई गई।
जानकारी के अनुसार ग्राम मझगांव निवासी हीरालाल साहू ने 24 सितंबर को सिटी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने पुलिस को बताया कि 15 सितंबर की शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच अज्ञात व्यक्ति घर में घुसा और आलमारी के लॉकर में रखे 12.50 लाख रुपए चोरी कर ले गया। घटना के दौरान परिवार के सदस्यों ने चेहरे पर गमछा बांधे एक संदिग्ध व्यक्ति को घर से बाहर निकलते हुए देखा था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव के निर्देश पर साइबर थाना और सिटी कोतवाली की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों से मिले सुरागों के साथ तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण शुरू किया। लगातार जांच और पतासाजी के दौरान पुलिस को आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी कमलेश पटेल (19 वर्ष) ने अपने पुराने मकान की छत के रास्ते हीरालाल साहू के घर में प्रवेश किया था। पुलिस के मुताबिक गणेश चतुर्थी के चलते गांव में लोगों की आवाजाही अपेक्षाकृत कम थी, जिसका फायदा उठाकर आरोपी ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी तक पहुंच बनाई और पूछताछ के बाद उसके पिता को भी मामले में आरोपी बनाया गया। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर चोरी की रकम में से 11.53 लाख रुपए बरामद किए। शेष रकम के संबंध में पुलिस द्वारा आगे की जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों और लगातार की गई पतासाजी के आधार पर पूरे मामले का खुलासा किया गया। प्रकरण में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।



