
रायपुर।
छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा श्रमिक परिवारों के मेधावी बच्चों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से संचालित मुख्यमंत्री नोनी-बाबू मेधावी शिक्षा सहायता योजना के तहत आज राजधानी रायपुर में सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय दोपहर 2:30 बजे न्यू सर्किट हाउस, सिविल लाइन रायपुर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होकर कक्षा 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा में टॉप-10 में स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित करेंगे।
यह सम्मान शैक्षणिक सत्र 2025-26 के उन मेधावी छात्र-छात्राओं को दिया जाएगा, जो पंजीकृत श्रमिक परिवारों से संबंध रखते हैं। योजना के तहत प्रत्येक चयनित विद्यार्थी को 1 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही उच्च शिक्षा के लिए आवागमन सुविधा उपलब्ध कराने हेतु दोपहिया वाहन खरीदने के लिए भी 1 लाख रुपये का विशेष अनुदान दिया जाएगा। इस प्रकार प्रत्येक मेधावी छात्र को कुल 2 लाख रुपये की सहायता राशि का लाभ मिलेगा।
छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अधिकारियों के अनुसार योजना का लाभ लेने के लिए श्रमिक का श्रम कल्याण मंडल में कम से कम 90 दिन पूर्व पंजीकृत होना अनिवार्य है। यह लाभ केवल पंजीकृत श्रमिक के प्रथम दो बच्चों को ही प्रदान किया जाएगा और एक शैक्षणिक वर्ष में केवल एक बार ही योजना का लाभ लिया जा सकेगा।
राज्य सरकार की इस पहल को श्रमिक परिवारों के बच्चों के लिए बड़ी सौगात माना जा रहा है। इससे मेधावी विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने और अपने सपनों को पूरा करने के लिए आर्थिक सहयोग मिल सकेगा।



