छत्तीसगढ़रायपुर

अब शिकायतों पर होगी सीधी निगरानी, सीएम हेल्पलाइन का शुभारंभ

नागरिक देवो भव’ के मंत्र के साथ शुरू हुई सीएम हेल्पलाइन सेवा

रायपुर, ।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज मंत्रालय महानदी भवन में बहुप्रतीक्षित सीएम हेल्पलाइन 1076 का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने हेल्पलाइन के आधिकारिक लोगो का भी विमोचन किया। कार्यक्रम में मंत्रिपरिषद के सदस्य एवं वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य प्रदेश के प्रत्येक नागरिक की समस्याओं को सुनना, उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना और प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक जवाबदेह बनाना है। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार के दौरान प्रदेशभर से प्राप्त शिकायतों, सुझावों और जनप्रतिसाद के आधार पर एक मजबूत एवं स्थायी जनसंपर्क व्यवस्था की आवश्यकता महसूस की गई, जिसके परिणामस्वरूप सीएम हेल्पलाइन 1076 की शुरुआत की गई है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि अब प्रदेशवासी टोल फ्री नंबर 1076 पर अपनी शिकायतें दर्ज कराने के साथ सुझाव और शासन की योजनाओं से जुड़ा फीडबैक भी दे सकेंगे। यह व्यवस्था शासन और जनता के बीच संवाद को मजबूत बनाने के साथ पारदर्शिता एवं जवाबदेही को नई दिशा देगी।

उन्होंने कहा कि डिजिटल सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए हेल्पलाइन को व्हाट्सएप प्लेटफॉर्म से भी जोड़ा गया है, जिससे लोग मोबाइल के माध्यम से आसानी से अपनी बात सरकार तक पहुंचा सकेंगे। इस प्रणाली में राज्य शासन के 42 विभागों के करीब 8 हजार अधिकारी शामिल किए गए हैं तथा 1195 श्रेणियों में निर्धारित समय सीमा के भीतर शिकायतों के निराकरण की व्यवस्था की गई है।

मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि प्रत्येक शिकायत को एक यूनिक आईडी प्रदान की जाएगी, जिससे आवेदक ऑनलाइन अपनी शिकायत की स्थिति देख सकेगा। यदि शिकायतकर्ता समाधान से संतुष्ट नहीं होता है, तो मामला स्वतः उच्च अधिकारियों के पास पुनः जांच के लिए भेजा जाएगा। इससे शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निराकरण को सुनिश्चित किया जा सकेगा।

उन्होंने बताया कि सीएम हेल्पलाइन 24 घंटे और सप्ताह के सातों दिन संचालित रहेगी। इसके संचालन के लिए तीन शिफ्टों में कर्मचारियों की तैनाती की गई है। सचिव स्तर के अधिकारी डैशबोर्ड के माध्यम से इसकी नियमित मॉनिटरिंग करेंगे, वहीं मुख्यमंत्री सचिवालय भी इसकी सतत समीक्षा करेगा।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि यह हेल्पलाइन केवल शिकायत निवारण तक सीमित नहीं है, बल्कि जनता की भागीदारी को मजबूत करने का भी प्रभावी माध्यम बनेगी। प्रदेशवासी राज्य के विकास से जुड़े सुझाव भी इस प्लेटफॉर्म पर साझा कर सकेंगे, जिससे योजनाओं और नीतियों के बेहतर क्रियान्वयन में मदद मिलेगी।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के सचिव एवं सचिव, सुशासन एवं अभिसरण विभाग श्री राहुल भगत ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से हेल्पलाइन की कार्यप्रणाली और विशेषताओं की जानकारी दी। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव, श्री विजय शर्मा, मुख्य सचिव श्री विकासशील, प्रमुख सचिव श्री सुबोध कुमार सिंह सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Mr. Prakash Joshi

प्रकाश जोशी पिछले 6 सालों से RVKD News चला रहे हैं और इसी नाम से यूट्यूब चैनल भी संचालित कर रहे हैं। इसके माध्यम से लगातार जनता की समस्याएँ प्रशासन तक पहुँचा रहे हैं और शासन की योजनाएँ जनता तक पहुँचा रहे हैं। 📍 तिल्दा-नेवरा, रायपुर (छत्तीसगढ़) 📞 मोबाइल: 8770564196

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!