मध्य प्रदेश

अवैध सोयाबीन बीज कारोबार पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, गोदाम से नकली पैकिंग सामग्री जब्त, एफआईआर दर्ज

कलेक्टर प्रतिभा पाल के निर्देश पर संयुक्त टीम की छापेमारी, बंद हो चुकी कंपनी के नाम का दुरुपयोग भी आया सामने

सागर।  जिले में अवैध बीज कारोबार के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए एक व्यापारी के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल के निर्देश पर कृषि एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने जरूआखेड़ा स्थित एक गोदाम में छापेमारी कर बड़ी मात्रा में संदिग्ध सोयाबीन बीज और पैकिंग सामग्री बरामद की।

जांच के दौरान आलोक ट्रेडर्स के गोदाम में मशीन से पैक किए गए 40-40 किलोग्राम के 29 बैग सोयाबीन बीज मिले। इसके अलावा अन्नपूर्णा ब्रांड दाल मिल के नाम की 116 नई खाली बोरियां तथा लगभग 100 जूट के बोरों में सोयाबीन का कच्चा माल भी पाया गया। प्राथमिक जांच में बीजों के अवैध भंडारण एवं पैकिंग की आशंका सामने आने पर बीज गुण नियंत्रण आदेश के तहत कार्रवाई करते हुए संबंधित व्यापारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर प्रकरण विवेचना में लिया गया।

प्रशासनिक जांच में यह भी सामने आया कि जिन बोरियों का उपयोग किया जा रहा था, उन पर अंकित अन्नपूर्णा ब्रांड दाल मिल, ललितपुर का नाम और मोबाइल नंबर बिना अनुमति के इस्तेमाल किया गया था। बोरियों पर दर्ज मोबाइल नंबर पर संपर्क करने पर संबंधित प्रतिष्ठान से जुड़े अमित जैन ने बताया कि उनकी दाल मिल का संचालन करीब पांच वर्ष पहले ही बंद हो चुका है। उन्होंने प्रतिष्ठान के नाम और मोबाइल नंबर के दुरुपयोग पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।

यह कार्रवाई कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल के निर्देश तथा अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) अमन मिश्रा और उप संचालक कृषि राजेश त्रिपाठी के मार्गदर्शन में की गई। संयुक्त दल में परियोजना संचालक आत्मा एम.के. प्रजापति, अनुविभागीय कृषि अधिकारी अनिल राय, सहायक संचालक कृषि अंकित रावत, जे.एल. विश्वकर्मा, भूपेंद्र राजपूत सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसानों के हितों से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की अनियमितता या नकली बीज के कारोबार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Mr. Prakash Joshi

प्रकाश जोशी पिछले 6 सालों से RVKD News चला रहे हैं और इसी नाम से यूट्यूब चैनल भी संचालित कर रहे हैं। इसके माध्यम से लगातार जनता की समस्याएँ प्रशासन तक पहुँचा रहे हैं और शासन की योजनाएँ जनता तक पहुँचा रहे हैं। 📍 तिल्दा-नेवरा, रायपुर (छत्तीसगढ़) 📞 मोबाइल: 8770564196

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!