
रायपुर।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने रायपुर में आयोजित पत्रिका जज्बा पुलिस अवार्ड्स-2026 समारोह में शामिल होकर प्रदेश के उत्कृष्ट पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने पुलिस बल के साहस, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए उनके योगदान को प्रदेश की सुरक्षा और विकास की मजबूत नींव बताया।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि नक्सलवाद के खिलाफ मिली निर्णायक सफलताएं पुलिस जवानों के अदम्य साहस, त्याग और समर्पण का परिणाम हैं। उन्होंने कहा कि सुरक्षा बलों के सतत प्रयासों से आज बस्तर विकास, विश्वास और नए अवसरों की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कॉमनवेल्थ गेम्स ग्लासगो-2026 में रजत पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन करने वाली छत्तीसगढ़ पुलिस की सहायक उप निरीक्षक ज्ञानेश्वरी यादव को भी बधाई दी। उन्होंने कहा कि उनकी उपलब्धि पूरे प्रदेश के लिए गौरव का विषय है और युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।
मुख्यमंत्री ने पुलिस बल का आह्वान करते हुए कहा कि जनता की सुरक्षा, कानून व्यवस्था और सेवा की भावना के साथ इसी तरह कार्य करते रहें, जिससे प्रदेश में शांति, सुरक्षा और विकास का वातावरण और अधिक सुदृढ़ हो सके।



