नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्रियों की सोशल मीडिया परफॉर्मेंस का रिपोर्ट कार्ड तैयार किया गया है। सूत्रों के मुताबिक, बुधवार को हुई कैबिनेट बैठक में सभी मंत्रियों को उनकी सोशल मीडिया गतिविधियों और प्रदर्शन से जुड़ी रिपोर्ट व्यक्तिगत तौर पर सौंपी गई। यह रिपोर्ट 1 मई 2026 से 15 अगस्त 2026 के बीच सोशल मीडिया पर मंत्रियों की गतिविधियों के आधार पर तैयार की गई है।
सोशल मीडिया रैंकिंग में पीएम मोदी सबसे आगे
रिपोर्ट में सोशल मीडिया पर ओवरऑल परफॉर्मेंस के आधार पर नेताओं की रैंकिंग तैयार की गई है। जानकारी के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस रैंकिंग में पहले स्थान पर हैं। खास बात यह है कि रैंकिंग केवल केंद्रीय मंत्रियों के बीच तुलना तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें देश के प्रमुख और बड़े नेताओं की सोशल मीडिया पहुंच और प्रभाव को भी आधार बनाया गया है।
हर मंत्री को दी गई व्यक्तिगत रिपोर्ट
कैबिनेट बैठक में प्रत्येक मंत्री को पिछले साढ़े तीन महीने की सोशल मीडिया गतिविधियों के आधार पर तैयार की गई व्यक्तिगत रिपोर्ट दी गई। इसमें Instagram, X और Facebook पर उनकी सक्रियता, पोस्ट और लोगों की प्रतिक्रिया का आकलन किया गया है। रिपोर्ट के जरिए मंत्रियों को यह भी बताया गया कि सोशल मीडिया पर उनकी मौजूदगी और प्रदर्शन किस स्तर पर है।
पोस्ट से लेकर लाइक्स और फॉलोअर्स तक का हिसाब
मंत्रियों की सोशल मीडिया परफॉर्मेंस मापने के लिए कई अलग-अलग मानकों को शामिल किया गया। इनमें रोजाना पोस्ट की औसत संख्या, कुल इंगेजमेंट, प्रति पोस्ट औसत इंगेजमेंट, लाइक्स, औसत लाइक्स और फॉलोअर्स की संख्या जैसे आंकड़े शामिल हैं। यानी रिपोर्ट में यह देखने की कोशिश की गई कि किस नेता की सोशल मीडिया पोस्ट लोगों तक कितनी पहुंच रही हैं और उन्हें किस तरह की प्रतिक्रिया मिल रही है।
मंत्रियों को सोशल मीडिया पर सक्रिय रहने की सलाह
रिपोर्ट सामने आने के बाद मंत्रियों को सोशल मीडिया पर अपनी सक्रियता बढ़ाने और पोस्ट के साथ सार्थक इंटरैक्शन बढ़ाने पर भी जोर दिया गया है। मंत्रियों से सोशल मीडिया पर जनता से जुड़ाव मजबूत करने और अपनी गतिविधियों को प्रभावी तरीके से सामने रखने को कहा गया है। इस पूरी कवायद को संभावित कैबिनेट फेरबदल के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है।




