होली में नाबालिगों को कोल्ड ड्रिंक में शराब पिलाने वाला आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा।
होली उत्सव के दौरान नाबालिग बच्चों को कोल्ड ड्रिंक में शराब मिलाकर पिलाने वाले आरोपी को सिटी कोतवाली जांजगीर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से शराब की बोतल और डिस्पोजल गिलास भी जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी सोनू दरवेश (34 वर्ष) निवासी इंदिरा आवास, वार्ड नंबर 4 भाटापारा सुकली, जांजगीर का रहने वाला है। घटना 3 मार्च 2026 की रात करीब 7:30 बजे की बताई जा रही है। आरोपी अपने घर के सामने साउंड बॉक्स लगाकर होली के मौके पर नाच-गाना कर रहा था। इसी दौरान तीन नाबालिग बच्चे भी वहां डांस करने पहुंच गए।
आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने अपने घर से कोल्ड ड्रिंक की बोतल में शराब मिलाकर तीनों बच्चों को दबावपूर्वक पिला दी। शराब पीने के बाद बच्चों की तबीयत बिगड़ गई और उन्हें उल्टी होने लगी। इसके बाद बच्चों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जिला अस्पताल से मिली सूचना के बाद पुलिस ने बच्चों और उनके परिजनों से पूछताछ की। जांच में आरोपी द्वारा नाबालिगों को कोल्ड ड्रिंक में शराब मिलाकर पिलाने की पुष्टि होने पर उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप और सीएसपी योगिता बालिका खापर्डे के निर्देश पर पुलिस टीम गांव सुकली पहुंची और आरोपी को उसके घर के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने शुरू में पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने नाबालिग बच्चों को शराब पिलाने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से शराब की बोतल और डिस्पोजल गिलास जब्त कर लिया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता, सहायक उपनिरीक्षक अरुण कुमार सिंह, प्रधान आरक्षक आलोक शर्मा और आरक्षक दिलीप सिंह का विशेष योगदान रहा।




