Social Message: तलाक बना जश्न—ढोल-नगाड़ों के साथ बेटी का स्वागत, पिता के शब्दों ने बदल दी सोच
जहां समाज तलाक को छुपाता है, वहां एक पिता ने बेटी की नई शुरुआत को बना दिया उत्सव
मेरठ । Social Message: मेरठ के शास्त्री नगर से एक दिल छू लेने वाली और सोच बदलने वाली तस्वीर सामने आई है, जहां एक रिटायर्ड जज ने अपनी बेटी के तलाक के बाद उसका स्वागत ढोल-नगाड़ों, फूलों और मिठाइयों के साथ किया।
साल 2018 में प्रतीक्षा की शादी शाहजहांपुर निवासी मेजर गौरव अग्निहोत्री से हुई थी, लेकिन समय के साथ रिश्ते में तनाव और प्रताड़ना बढ़ती गई, जिसके बाद मामला अदालत तक पहुंचा और 4 अप्रैल 2026 को दोनों का तलाक हो गया।

जहां आमतौर पर ऐसे मौकों पर परिवारों में मायूसी होती है, वहीं इस पिता ने समाज को नया संदेश देते हुए बेटी की घर वापसी को जश्न में बदल दिया। जैसे ही प्रतीक्षा घर पहुंचीं, ढोल-नगाड़ों की गूंज, फूलों की बारिश और नाचते-गाते परिजनों ने उनका स्वागत किया, वहीं पिता ने “I Love My Bitiya” लिखी टी-शर्ट पहनकर अपने प्यार और गर्व को जाहिर किया।

उनका कहना था कि बेटी बोझ नहीं होती, वह भी बेटे के समान है और अगर वह शादी में खुश नहीं है तो उसे जबरदस्ती नहीं रोका जाना चाहिए। छह साल के संघर्ष के बाद बेटी की नई जिंदगी की शुरुआत को सम्मान देने का यह कदम अब सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है, जहां लोग इस पहल की जमकर सराहना कर रहे हैं और इसे समाज के लिए एक मजबूत संदेश बता रहे हैं।






