
कोरबा।
कोरबा जिले की अहिरन नदी एक बार फिर हादसे का कारण बन गई। मंगलवार को दोस्तों के साथ नहाने गया एक युवक नदी में बह गया, जबकि कुछ दिनों से लापता एक युवती का शव भी नदी से बरामद किया गया। लगातार हो रही घटनाओं से इलाके में डर और चिंता का माहौल है।
जानकारी के अनुसार कुसमुंडा क्षेत्र निवासी निखिल सिंह ठाकुर मंगलवार दोपहर अपने दोस्तों के साथ अहिरन नदी पहुंचा था। विकास नगर आईबीपी क्षेत्र स्थित एनटीपीसी रेलवे पुल के नीचे सभी युवक नहाने के लिए नदी में उतरे। दोस्तों को नदी में छलांग लगाते देख निखिल ने भी पानी में छलांग लगा दी, लेकिन वह तेज बहाव और गहराई में फंस गया।
बताया जा रहा है कि उसके साथी तैरकर सुरक्षित बाहर निकल आए, लेकिन निखिल पानी से बाहर नहीं आ सका। घटना के बाद दोस्तों ने तुरंत परिजनों और पुलिस को सूचना दी। कुसमुंडा पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरू की गई। देर शाम तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया था।
इसी बीच एक अन्य घटना में कुसमुंडा थाना क्षेत्र के ग्राम खमरिया वैशाली नगर की रहने वाली 24 वर्षीय निर्मला यादव का शव भी अहिरन नदी से बरामद हुआ। युवती 9 मई की शाम से लापता थी और परिजनों ने थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने नदी में शव तैरता देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल युवती की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच में जुटी हुई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अहिरन नदी का एनटीपीसी पुल क्षेत्र काफी गहरा और खतरनाक माना जाता है। यहां पहले भी कई हादसे हो चुके हैं, लेकिन सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं। न तो चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं और न ही बैरिकेडिंग की व्यवस्था है। लोगों ने प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।




