
दुर्ग।
दुर्ग जिले के भिलाई नगर थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। मामूली विवाद के बाद छोटे भाई ने अपने बड़े भाई पर फावड़े से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी भाई को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार घटना रूआबांधा स्थित मायानगर एचएससीएल कॉलोनी की है। मृतक की पहचान अशोक यादव के रूप में हुई है, जबकि आरोपी उसका छोटा भाई मनोज यादव बताया जा रहा है। दोनों भाई मजदूरी का काम करते थे और एक ही घर में रहते थे।
बताया जा रहा है कि दोनों के बीच अक्सर छोटी-छोटी बातों को लेकर विवाद होता रहता था। रविवार शाम को भी किसी घरेलू बात को लेकर दोनों में कहासुनी शुरू हुई। इसी दौरान मनोज यादव शराब के नशे में था। विवाद बढ़ने पर उसने पास में रखा फावड़ा उठाकर अशोक यादव के सिर पर हमला कर दिया।
हमले में अशोक गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। आसपास के लोगों ने तत्काल पुलिस और परिजनों को सूचना दी। घायल को पहले दुर्ग जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए रायपुर के मेकाहारा अस्पताल रेफर किया गया। हालांकि रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद भिलाई नगर पुलिस ने आरोपी मनोज यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है।
इस घटना के बाद इलाके में शोक और दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शराब और आपसी विवाद के कारण एक परिवार पूरी तरह बिखर गया।




