
सक्ती। जिले के जैजैपुर से मालखरौदा तक बीती रात अज्ञात बदमाशों ने जमकर उत्पात मचाते हुए सड़क किनारे खड़ी कई चारपहिया वाहनों के शीशे फोड़ दिए। लगातार हुई इस तोड़फोड़ की घटना से क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल बन गया है। मिशन चौक, पिहरीद, कलमी गांव सहित कई इलाकों में हुई वारदातों ने मालखरौदा पुलिस की रात्रिकालीन गश्त व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं सीसीटीवी फुटेज में बाइक सवार तीन संदिग्ध युवक नजर आने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है।
जानकारी के मुताबिक, बदमाशों ने जैजैपुर क्षेत्र से उत्पात मचाना शुरू किया और मालखरौदा तक अलग-अलग स्थानों पर सड़क किनारे खड़ी कारों को निशाना बनाया। जहां भी चारपहिया वाहन खड़े मिले, वहां उनके शीशे तोड़कर नुकसान पहुंचाया गया। सुबह जब वाहन मालिक बाहर निकले तो अपनी गाड़ियों के टूटे कांच देखकर हैरान रह गए। कई लोगों ने बताया कि उनकी कारें घर के सामने और मुख्य सड़क किनारे खड़ी थीं, जिन्हें देर रात अज्ञात बदमाशों ने नुकसान पहुंचाया।
घटना के बाद प्रभावित इलाकों में लोगों की भीड़ जुट गई और पूरे क्षेत्र में भय और नाराजगी का माहौल बन गया। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि बदमाशों ने सुनियोजित तरीके से एक के बाद एक वाहनों को निशाना बनाया। लगातार कई जगह हुई वारदातों से लोगों में कानून व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है।
मामला सामने आने के बाद सोमवार सुबह क्षेत्रवासियों ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालना शुरू किया। फुटेज में एक बाइक पर सवार तीन युवक संदिग्ध गतिविधियां करते दिखाई दिए हैं। आशंका जताई जा रही है कि यही तीनों युवक जैजैपुर से मालखरौदा तक विभिन्न स्थानों पर कारों के शीशे फोड़ते नजर आए।
सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद लोगों में भारी आक्रोश है। क्षेत्रवासियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि जैजैपुर से मालखरौदा तक लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की तत्काल जांच कर आरोपियों की पहचान की जाए और जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में और बड़ी घटनाएं हो सकती हैं।
इस पूरी घटना के बाद मालखरौदा पुलिस की कार्यप्रणाली और रात्रिकालीन गश्त व्यवस्था भी कटघरे में आ गई है। जिन स्थानों पर वाहनों के कांच तोड़े गए, वे अधिकांश इलाके थाना क्षेत्र से ज्यादा दूर नहीं बताए जा रहे हैं। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि पुलिस लगातार रात्रि गश्त के दावे करती है, लेकिन इतनी बड़ी संख्या में वाहनों को नुकसान पहुंच जाना सुरक्षा व्यवस्था की गंभीर लापरवाही को दर्शाता है।
लोगों ने पुलिस प्रशासन से रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।



