बरगी क्रूज हादसा: मृतकों की संख्या 9, 28 बचाए गए, 6 अब भी लापता; मां-बेटे की मौत ने झकझोरा

बरगी डैम / जबलपुर:
मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित बरगी डैम में हुए दर्दनाक क्रूज बोट हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 9 हो गई है। शुक्रवार को रेस्क्यू टीम ने तीन और शव बरामद किए। अब तक 28 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि 6 लोग अभी भी लापता हैं। जानकारी के मुताबिक, हादसे के समय क्रूज में कुल 43 लोग सवार थे।

राज्य के पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र भाव सिंह लोधी ने बताया कि लापता लोगों की तलाश के लिए बचाव अभियान तेजी से जारी है और ऑपरेशन पूरा होने के बाद हादसे की जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
तूफान बना हादसे की वजह
अधिकारियों के अनुसार, गुरुवार शाम अचानक आए तेज तूफान और तेज हवाओं के कारण डैम में ऊंची लहरें उठने लगीं, जिससे क्रूज असंतुलित होकर पलट गया। यह डैम नर्मदा नदी पर बना है।

सेना, NDRF और SDRF की टीमें लगातार सर्च ऑपरेशन में जुटी हैं। भारी मशीनों और हाइड्रोलिक क्रेन की मदद से पानी में फंसी क्रूज को निकालने का प्रयास किया जा रहा है।
चश्मदीदों ने बताई भयावह कहानी
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तेज हवाओं के कारण लोग घबरा गए थे और चालक दल से किनारे लौटने की अपील कर रहे थे, लेकिन शोर और अफरा-तफरी के बीच संदेश नहीं पहुंच पाया। देखते ही देखते क्रूज पलट गया। कुछ स्थानीय लोगों ने रस्सियों के सहारे कई यात्रियों की जान बचाई।
CM ने किया मुआवजे का ऐलान
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। साथ ही राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए गए हैं।
मां-बेटे की तस्वीर ने रुला दिया
रेस्क्यू के दौरान सबसे दर्दनाक दृश्य तब सामने आया, जब एक मां और उसके चार साल के बेटे का शव मिला। मां अपने बच्चे को सीने से लगाए हुए थी। दोनों की मौत हो चुकी थी, लेकिन मां ने आखिरी सांस तक बेटे को नहीं छोड़ा। यह मंजर देख मौके पर मौजूद लोग भावुक हो उठे।
‘हालात बेहद मुश्किल’
पीडब्ल्यूडी मंत्री राकेश सिंह ने बताया कि खराब मौसम, अंधेरा और गहराई के कारण बचाव कार्य में काफी दिक्कतें आईं। अब एक्सपर्ट टीमें ही ऑपरेशन को आगे बढ़ा रही हैं।
फिलहाल सभी एजेंसियां मिलकर युद्ध स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं और लापता लोगों की तलाश जारी है।




