
जशपुर।
कांसाबेल थाना क्षेत्र से पुलिस विभाग को शर्मसार करने वाला गंभीर मामला सामने आया है। थाना कांसाबेल में पदस्थ आरक्षक रुद्रमणी यादव के खिलाफ एक शिक्षिका ने दुष्कर्म, मानसिक प्रताड़ना, धमकी और आर्थिक शोषण जैसे गंभीर आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी आरक्षक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 376(2)(N) सहित अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, पीड़िता विधवा शिक्षिका है, जो अपने दो बच्चों के साथ अकेले जीवन यापन कर रही है। महिला का आरोप है कि जनवरी 2023 में उसकी फेसबुक के माध्यम से आरोपी आरक्षक से पहचान हुई थी। शुरुआत में आरोपी ने सहानुभूति और मदद का भरोसा देकर बातचीत बढ़ाई और धीरे-धीरे विश्वास में लेकर संबंध बनाए।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने इस दौरान महिला के साथ दुष्कर्म किया और बाद में उसे लगातार धमकाया व मानसिक रूप से प्रताड़ित करता रहा। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि उसे कई बार दबाव में लाकर आर्थिक रूप से शोषित किया गया और उसके साथ आपत्तिजनक व्यवहार किया गया।
महिला की ओर से लगाए गए आरोपों में यह भी कहा गया है कि मामले को दबाने और बदनाम करने की धमकी दी गई तथा निजी तस्वीरों के दुरुपयोग की बात भी सामने आई है। शिकायत के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल आरोपी आरक्षक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। विभागीय स्तर पर भी कार्रवाई की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।




