
तिल्दा नेवरा (रायपुर ग्रामीण)। थाना तिल्दा नेवरा पुलिस ने “ऑपरेशन निश्चय” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए नारकोटिक एक्ट के एक गंभीर प्रकरण में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज के आधार पर कार्रवाई करते हुए ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क का खुलासा किया है।
यह मामला अपराध क्रमांक 41/26 धारा 20(बी), 22(सी) एनडीपीएस एक्ट एवं 25 आर्म्स एक्ट से संबंधित है। पुलिस ने पूर्व में 28 जनवरी 2026 को वार्ड क्रमांक 22 सासाहोली स्थित अटल निवास में दबिश देकर महिला आरोपी मधु मिश्रा को गिरफ्तार किया था। उसके कब्जे से 73 किलोग्राम गांजा, 790 नग प्रतिबंधित टेबलेट (नाइट्रोसन), 1,87,000 रुपये नगद, 6 मोबाइल फोन, 1 टैबलेट डिवाइस और 3 बटनदार चाकू सहित कुल लगभग 41.75 लाख रुपये की सामग्री जब्त की गई थी।
इसके बाद पुलिस जांच में उड़ीसा निवासी दो आरोपियों प्रणब कुमार नाइक और सफीकुल रहमान खान को भी गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया था।
तकनीकी जांच से खुला नेटवर्क
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना तिल्दा नेवरा पुलिस टीम ने लगातार तकनीकी विश्लेषण और पूछताछ के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। इसी दौरान आरोपी सलमान खान उर्फ खुर्शीद आलम को चिन्हांकित किया गया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अन्य आरोपियों के साथ मिलकर मधु मिश्रा को गांजा और प्रतिबंधित टेबलेट की सप्लाई करता था।
वाहन भी जब्त
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मारुति रिट्ज कार (CG07 MA 0858) जिसकी कीमत लगभग 1 लाख रुपये है, उसे भी जब्त कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपी
खुर्शीद आलम उर्फ सलमान खान (32 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 9, मकदूम नगर, धरसीवा, जिला रायपुर
पुलिस का कहना है कि पूरे मामले में बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज के आधार पर अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने के लिए End-to-End कार्रवाई जारी है।




