
तिल्दा-नेवरा।
क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए तिल्दा-नेवरा पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में पुलिस ने शांति भंग कर उपद्रव करने वाले चार असामाजिक तत्वों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। साथ ही ऐसे तत्वों का पृथक डोजियर तैयार करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है, ताकि भविष्य में उनके विरुद्ध प्रभावी निगरानी और कार्रवाई की जा सके।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना तिल्दा-नेवरा क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर कुछ युवकों द्वारा जबरन विवाद, लड़ाई-झगड़ा एवं अशांति फैलाने की शिकायतें लगातार प्राप्त हो रही थीं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संबंधित व्यक्तियों को समझाने तथा विवाद शांत कराने का प्रयास किया। हालांकि आरोपित युवक अत्यधिक उग्र हो गए और मारपीट पर उतारू हो गए।
स्थिति को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चारों आरोपितों को धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर एसडीएम न्यायालय तिल्दा-नेवरा में पेश किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुविभागीय दंडाधिकारी (एसडीएम) द्वारा चारों के विरुद्ध जेल वारंट जारी किया गया, जिसके बाद उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और अपराध एवं उपद्रव में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कदम उठाए जाएंगे।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
संजय वर्मा (23 वर्ष), ग्राम ताराशिव, थाना तिल्दा-नेवरा
विजय कोसले (21 वर्ष), ग्राम तुलसी नेवरा, थाना तिल्दा-नेवरा
रवि यादव (23 वर्ष), ग्राम तुलसी नेवरा, थाना तिल्दा-नेवरा
शोभू साहू (19 वर्ष), जोता फाटक के पास, तिल्दा-नेवरा



