DEATH NEWS: दूरदर्शन की लोकप्रिय समाचार वाचिका सरला माहेश्वरी का 71 वर्ष की आयु में निधन
सौम्य आवाज़ और गरिमामयी प्रस्तुति से बनीं विश्वसनीयता का प्रतीक, मीडिया जगत में शोक की लहर
नई दिल्ली DEATH NEWS: दूरदर्शन के स्वर्णिम दौर की पहचान मानी जाने वाली वरिष्ठ और लोकप्रिय समाचार वाचिका सरला माहेश्वरी का आज 12 फरवरी 2026 को दिल्ली में 71 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनके निधन की खबर से मीडिया जगत और उनके लाखों दर्शकों में गहरा शोक फैल गया है। वर्ष 1976 से 2005 तक दूरदर्शन में अपनी सेवाएं देने वाली सरला माहेश्वरी 1980 और 90 के दशक में भारतीय टेलीविजन समाचार की सबसे भरोसेमंद आवाज़ों में गिनी जाती थीं। उनकी सटीक हिंदी उच्चारण, संतुलित अभिव्यक्ति, शांत और गरिमापूर्ण शैली ने उन्हें घर-घर में पहचान दिलाई। वे केवल समाचार वाचिका नहीं थीं, बल्कि एक ऐसे दौर की प्रतीक थीं जब दूरदर्शन की खबरें विश्वसनीयता और गंभीरता का पर्याय मानी जाती थीं।
दूरदर्शन ने सोशल मीडिया के माध्यम से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनकी सादगी, संयम और प्रभावशाली व्यक्तित्व ने दर्शकों के दिलों में अटूट विश्वास जगाया। उनके निधन की जानकारी उनके पारिवारिक मित्र और वरिष्ठ प्रसारक शम्मी नारंग ने साझा की। बताया गया है कि उनका अंतिम संस्कार आज शाम 4 बजे दिल्ली के निगम बोध घाट पर किया जाएगा।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी शोक व्यक्त करते हुए कहा कि सरला माहेश्वरी दशकों तक हर घर का सुपरिचित चेहरा रहीं और अपनी प्रभावी प्रस्तुति से समाचार प्रसारण के क्षेत्र में उच्च मानक स्थापित किए। उन्होंने कहा कि भारतीय पत्रकारिता के एक महत्वपूर्ण युग को उन्होंने अपनी सशक्त आवाज़ दी, जिसे हमेशा याद किया जाएगा। सोशल मीडिया पर भी श्रद्धांजलि की लहर देखी जा रही है, जहां लोग उनकी आवाज़ से जुड़ी यादों को साझा कर रहे हैं और उन्हें दूरदर्शन के “गोल्डन एरा” का अमिट चेहरा बता रहे हैं। सरला माहेश्वरी का जाना भारतीय टेलीविजन पत्रकारिता के एक गौरवशाली अध्याय का अंत माना जा रहा है।




