तिल्दा में 42 पार पहुंचा पारा, मौसम विभाग ने जताई बारिश की संभावना

तिल्दा-नेवरा। नौतपा के बीच तिल्दा-नेवरा सहित आसपास के क्षेत्रों में गर्मी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोग परेशान नजर आए। दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा देखने को मिला, वहीं बाजारों में भी भीड़ कम रही।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, आने वाले 24 से 48 घंटों तक गर्मी से फिलहाल राहत मिलने के आसार कम हैं। दिन का तापमान लगातार बढ़ रहा है और उमस भी लोगों को परेशान कर रही है। हालांकि मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में हल्की बारिश और आंधी की संभावना जताई है, जिससे तापमान में गिरावट आ सकती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस बार गर्मी ने पिछले कई वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। सुबह से लेकर देर शाम तक गर्म हवाएं चल रही हैं, जिससे बुजुर्गों और बच्चों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है।
मौसम विभाग की राय के अनुसार, बंगाल की खाड़ी से नमी आने और मौसम प्रणाली सक्रिय होने के कारण प्रदेश के कई इलाकों में प्री-मानसून गतिविधियां बढ़ सकती हैं। इसके चलते तिल्दा क्षेत्र में भी बादल छाने, तेज हवा चलने और कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना है।
डॉक्टरों ने लोगों को दोपहर में घर से कम निकलने, ज्यादा पानी पीने और गर्मी से बचाव रखने की सलाह दी है।




