CG AD
AD
क्राइमछत्तीसगढ़रायपुर

रायपुर के 30 स्पा सेंटरों पर पुलिस की एक साथ दबिश, 15 टीमों ने खंगाले CCTV और रजिस्टर; 2 जगह मिली आपत्तिजनक वस्तुएं

ग्राहकों के रजिस्टर से CCTV तक की जांच

Raipur News: शहर में संचालित स्पा सेंटरों की गतिविधियों और नियमों के पालन की जांच को लेकर रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने शनिवार को बड़े स्तर पर सघन जांच अभियान चलाया। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में संचालित 30 स्पा सेंटरों की एक साथ जांच की गई। कार्रवाई के लिए पुलिस की 15 टीमें बनाई गई थीं, जिनमें राजपत्रित अधिकारियों समेत 100 से अधिक पुलिस अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे।

पुलिस का यह अभियान स्पा सेंटरों में सुरक्षा व्यवस्था, दस्तावेजों और कर्मचारियों के सत्यापन के साथ-साथ किसी भी तरह की प्रतिबंधित या संदिग्ध गतिविधियों की जांच पर केंद्रित रहा।

ग्राहकों के रजिस्टर से CCTV तक की जांच

रायपुर में 30 स्पा सेंटरों की पुलिस ने की जांच
रायपुर पुलिस ने 15 टीमों के साथ 30 स्पा सेंटरों की एक साथ जांच की।

जांच के दौरान पुलिस टीमों ने स्पा सेंटरों में मौजूद ग्राहक रजिस्टर और CCTV कैमरों की बारीकी से पड़ताल की। पुलिस ने यह भी देखा कि सेंटरों में CCTV कैमरे उपलब्ध हैं या नहीं और उनकी रिकॉर्डिंग व्यवस्था ठीक तरह से काम कर रही है या नहीं।

इसके अलावा सेंटर के संचालकों, मैनेजरों और कर्मचारियों के पुलिस वेरिफिकेशन से जुड़े दस्तावेज भी जांचे गए। कर्मचारियों की आयु से संबंधित दस्तावेज, स्टाफ रजिस्टर और अन्य जरूरी अभिलेखों की भी जांच की गई।

लीज और स्वामित्व के कागजात भी खंगाले

पुलिस टीमों ने स्पा सेंटरों के संचालन से जुड़े लीज, किराए और स्वामित्व संबंधी दस्तावेजों की भी जांच की। सेंटर चलाने के लिए जरूरी अनुमतियों और अन्य दस्तावेजों को भी सत्यापित किया गया।

इसके साथ ही पुलिस ने सेंटर के भीतर किसी भी तरह की प्रतिबंधित या संदिग्ध गतिविधि होने की संभावना को लेकर भी जांच की।

दो स्पा सेंटरों में मिली आपत्तिजनक वस्तुएं

पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान दो स्पा सेंटरों में आपत्तिजनक वस्तुएं मिलीं। इनमें डीडी नगर थाना क्षेत्र का एलिना स्पा सेंटर और पंडरी थाना क्षेत्र के अंबुजा मॉल स्थित ला थाई स्पा सेंटर शामिल हैं।

इन दोनों सेंटरों के मैनेजर और कर्मचारियों के खिलाफ पुलिस की ओर से आवश्यक प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा रही है।

तीनों जोन में एक साथ चला अभियान

रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के मुताबिक, शहर में स्पा सेंटरों की सघन जांच के लिए यह अभियान तीनों जोन में चलाया गया।

यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त वेस्ट जोन रॉबिन्सन गुरिया, पुलिस उपायुक्त सेंट्रल जोन तारकेश्वर पटेल और पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन दीपमाला कश्यप के निर्देशन में की गई।

जांच के लिए गठित पुलिस टीमों का नेतृत्व सहायक पुलिस आयुक्त स्नेहिल साहू, नंदिनी ठाकुर और पूर्णिमा लामा ने किया।

नियम तोड़ने वालों पर होगी कार्रवाई

रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने स्पष्ट किया है कि स्पा सेंटरों की निगरानी और जांच का अभियान आगे भी जारी रहेगा। जांच के दौरान यदि किसी सेंटर में नियमों का उल्लंघन, दस्तावेजों में कमी या किसी तरह की संदिग्ध गतिविधि सामने आती है, तो संबंधित संचालक, मैनेजर और कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य शहर में संचालित स्पा सेंटरों की गतिविधियों पर नजर रखने के साथ यह सुनिश्चित करना है कि वे निर्धारित नियमों और आवश्यक प्रक्रियाओं के तहत ही संचालित हों।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!