
कोरबा। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली हत्या की घटना सामने आई। रेलवे ओवरब्रिज के नीचे रहने वाले एक हमाल की डंडे से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत फैल गई, जबकि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान राजेश महाराज के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक और आरोपी दोनों हमाल का कार्य करते थे तथा लंबे समय से उनके बीच आपसी विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि घटना से पहले भी दोनों के बीच कहासुनी और मारपीट हुई थी, जिसे आसपास मौजूद लोगों ने शांत करा दिया था।
दोपहर के समय जब राजेश ओवरब्रिज के नीचे सो रहा था, तभी आरोपी वहां पहुंचा और डंडे से उसके सिर पर लगातार कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से राजेश की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी घटनास्थल से भाग निकला।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। इसके बाद हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे पुराना विवाद सामने आया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है और सभी पहलुओं पर पड़ताल की जा रही है।
घटना का वीडियो सामने आने के बाद शहर में कानून-व्यवस्था को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने रेलवे ओवरब्रिज के आसपास नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने तथा असामाजिक गतिविधियों पर सख्ती से रोक लगाने की मांग की है।
इधर, हाल के दिनों में कोतवाली क्षेत्र में लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाओं के बीच पुलिस विभाग ने प्रशासनिक फेरबदल करते हुए थाना प्रभारी का तबादला कर नए थाना प्रभारी की नियुक्ति की है।




