
सक्ती/मालखरौदा। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के मालखरौदा क्षेत्र में एक नाबालिग छात्र के साथ हुई मारपीट की घटना ने लोगों को झकझोर दिया है। आत्मानंद स्कूल में अध्ययनरत छात्र को स्कूल जाते समय कुछ युवकों ने कथित रूप से जबरन बाइक पर बैठाकर अपने साथ ले गए और सुनसान स्थान पर ले जाकर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनमें 3 नाबालिग शामिल हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित छात्र शुक्रवार सुबह करीब 11:30 बजे घर से स्कूल के लिए निकला था। दोपहर लगभग 12 बजे स्कूल के पास पहुंचने से पहले चार बाइकों पर सवार 8 से 9 युवकों ने उसे रोक लिया और जबरन अपने साथ अड़भार थाना क्षेत्र स्थित शनि मंदिर के पीछे गौठान की ओर ले गए।
आरोप है कि वहां छात्र के साथ मारपीट की गई। परिजनों के अनुसार, आरोपियों ने उसके कपड़े उतरवाकर लात-घूंसों और थप्पड़ों से हमला किया तथा उसकी बाइक की चाबी और नकदी भी छीन ली। घटना के बाद छात्र शाम करीब 4 बजे घर पहुंचा और परिजनों को पूरी जानकारी दी।
घटना के दौरान किसी ने मारपीट का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की और आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल ने बताया कि शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज कर 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में आनंद कुमार रात्रे (19 वर्ष), दिनेश रात्रे (24 वर्ष), सोम कुमार रात्रे उर्फ पालू (19 वर्ष) सहित तीन नाबालिग शामिल हैं। नाबालिग आरोपियों को बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया है।
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 351(3), 115(2), 137(2), 191(2), आईटी एक्ट की धारा 67(B) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 14 के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस का कहना है कि घटना के वास्तविक कारणों और पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच जारी है। पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।




