CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। राजधानी रायपुर में आज सुबह से लगातार बारिश का दौर जारी है। आसमान में घने काले बादल छाए हुए हैं और लगातार हो रही बारिश के चलते शहर की कई सड़कों पर पानी भर गया है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश जारी रहने की संभावना जताई है। वहीं उत्तर छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में भारी बारिश हो सकती है।
प्रदेश में पिछले 24 घंटे के दौरान अधिकांश स्थानों पर बारिश दर्ज की गई। उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा भी हुई। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश का मौसमी सब-डिविजनल वर्षा आंकड़ा फिलहाल सामान्य के करीब है और इसमें 9 फीसदी की कमी दर्ज की गई है। प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान पेण्ड्रा रोड में 32.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
रायपुर में सुबह से बारिश, सड़कों पर जलभराव
राजधानी रायपुर में आज सुबह से ही मौसम बदला हुआ है। घने बादलों के बीच लगातार बारिश हो रही है, जिससे कई इलाकों में सड़कों पर जलभराव की स्थिति बन गई है। बारिश के कारण लोगों को आवाजाही में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार रायपुर में आज भी बादल छाए रहने और बारिश होने की संभावना है। राजधानी का अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
बारिश कराने वाला सिस्टम हुआ मजबूत
उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे उत्तरी ओडिशा तट के पास बना कम दबाव का क्षेत्र अब उसी क्षेत्र में और अधिक संगठित हो गया है। मौसम विभाग के मुताबिक इसके अगले 24 घंटे में और मजबूत होकर अवदाब (Depression) में बदलने की संभावना है।
इस मौसम प्रणाली के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में अगले तीन दिनों तक बारिश की गतिविधियां बनी रहने की संभावना है। कई जिलों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हो सकती है।
कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया है। धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में भारी बारिश के साथ करीब 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
वहीं सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद और बलरामपुर में भी मध्यम बारिश होने का अनुमान है।
रविवार को इन इलाकों में हुई सबसे ज्यादा बारिश
रविवार को प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। भैसमा और लवन में 9-9 सेंटीमीटर, ओडगी में 8 सेंटीमीटर और कोटाडोल में 7 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।
इसके अलावा बेरला, सिमगा और थानखमरिया में 6-6 सेंटीमीटर, जबकि छाल और मनेंद्रगढ़ में 5-5 सेंटीमीटर बारिश हुई। तिल्दा, दरी, सुहेला, नांदघाट, कटघोरा, लैलूंगा, पेण्ड्रा रोड, भाटापारा, सहसपुर लोहारा, कसडोल, हरदीबाजार और कोंटा में करीब 3 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग ने लोगों से भारी बारिश के दौरान सावधानी बरतने और जलभराव वाले इलाकों में अनावश्यक आवाजाही से बचने की अपील की है। आने वाले तीन दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां तेज रह सकती हैं।




