
तिल्दा-नेवरा। क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए तिल्दा नेवरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने अलग-अलग मामलों में कुल 8 आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की है। इनमें सार्वजनिक स्थान पर चाकू लेकर लोगों को डराने-धमकाने वाले दो आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया, जबकि ग्राम बिलाड़ी में मारपीट के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। इसके अलावा शांति व्यवस्था भंग करने की आशंका वाले चार व्यक्तियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) रायपुर श्रीमती श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्रीमती चंचल तिवारी एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (विधानसभा) श्री वीरेन्द्र चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में थाना तिल्दा नेवरा पुलिस द्वारा की गई।
चाकू लेकर घूमने वाले दो आरोपियों पर आर्म्स एक्ट
पुलिस के अनुसार थाना क्षेत्र के ग्राम खुडमुड़ी एवं ग्राम रजिया में सार्वजनिक स्थान पर धारदार चाकू लेकर घूमने और राहगीरों व आम नागरिकों को भयभीत करने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने संबंधित स्थानों पर पहुंचकर आरोपियों को घेराबंदी कर पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से धारदार चाकू बरामद किया गया।
मामले में अपराध क्रमांक 366/2026 के तहत दानेश्वर टंडन उर्फ जुगरू पिता रामनाथ टंडन, उम्र 22 वर्ष, निवासी ग्राम खुडमुड़ी तथा अपराध क्रमांक 367/2026 के तहत सूरज चतुर्वेदी पिता विजय चतुर्वेदी, उम्र 19 वर्ष, निवासी ग्राम खुडमुड़ी के विरुद्ध धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
बिलाड़ी में मारपीट, दो आरोपी गिरफ्तार
ग्राम बिलाड़ी के जैतखाम पारा में 28 अगस्त की रात लक्ष्मीनारायण कोसले के साथ गाली-गलौच और मारपीट करने तथा जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया था। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अपराध क्रमांक 365/2026 दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले में दिनेश कुमार पाठक उर्फ टिंगू मेहर, पिता राजकुमार पाठक, उम्र 21 वर्ष और मनीष कुमार वर्मा, पिता संतोष वर्मा, उम्र 22 वर्ष, दोनों निवासी ग्राम बिलाड़ी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय के समक्ष पेश किया।
मामले में धारा 296, 115(2), 351(2), 118(1), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
चार असामाजिक तत्वों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
क्षेत्र में विवाद और शांति व्यवस्था भंग करने की आशंका वाले चार व्यक्तियों की पहचान कर पुलिस ने उनके खिलाफ भी कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार धारा 170, 126, 135(3) बीएनएसएस के तहत चार व्यक्तियों को निरुद्ध कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
इनमें शंकर बघेल, अजीत कुमार बंछोर, कुलेश्वर यादव और दया राम ध्रुव शामिल हैं।
अपराधियों पर पुलिस की पैनी नजर
तिल्दा नेवरा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अपराध एवं असामाजिक गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लेकर घूमने, लोगों को डराने-धमकाने, मारपीट, अड्डेबाजी अथवा शांति व्यवस्था प्रभावित करने वाले लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस का कहना है कि कार्रवाई का उद्देश्य क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ आम नागरिकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना और असामाजिक तत्वों में कानून का भय बनाए रखना है।
पुलिस की आमजन से अपील
तिल्दा नेवरा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि क्षेत्र में किसी भी संदिग्ध, अवैध अथवा आपराधिक गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल नजदीकी पुलिस थाना अथवा डायल 112 पर सूचना दें। पुलिस ने कहा कि प्राप्त सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी। शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस के साथ आमजन का सहयोग महत्वपूर्ण है।




