तिल्दा नेवरा : बकरीद पर्व को लेकर शांति समिति की बैठक सम्पन्न, सौहार्दपूर्ण माहौल में त्योहार मनाने की अपील

तिल्दा नेवरा।
आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाए जाने को लेकर बुधवार को तिल्दा नेवरा थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक थाना प्रभारी रमाकांत तिवारी एवं तहसीलदार रामप्रसाद बघेल की उपस्थिति में सम्पन्न हुई।
बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि डॉ. खुमान वर्मा, पार्षद अन्नपूर्णा कश्यप, पार्षद प्रतिनिधि सौरभ जैन सहित जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं विभिन्न समुदायों के लोग शामिल हुए। इस दौरान पर्व के दौरान कानून व्यवस्था, साफ-सफाई, यातायात व्यवस्था एवं आपसी भाईचारे को बनाए रखने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
थाना प्रभारी रमाकांत तिवारी ने उपस्थित लोगों से शांति एवं सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील करते हुए प्रशासन का सहयोग करने का आग्रह किया। वहीं तहसीलदार रामप्रसाद बघेल ने कहा कि सभी त्योहार आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव का प्रतीक होते हैं, इसलिए सभी नागरिक मिल-जुलकर पर्व मनाएं।
बैठक का समापन शांति, सौहार्द एवं आपसी सहयोग बनाए रखने के संकल्प के साथ हुआ।




