
तिल्दा नेवरा। रायपुर ग्रामीण जिले के तिल्दा नेवरा थाना क्षेत्र में पिता-पुत्र के बीच हुआ विवाद खूनी वारदात में बदल गया। शराब सेवन को लेकर हुए विवाद में बेटे ने अपने ही पिता की लकड़ी के डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी पुत्र को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार घटना 25 मई 2026 की रात करीब 9 बजे वार्ड क्रमांक 04 तिल्दा नेवरा की है। आरोपी बीरेन्द्र कोठारी उर्फ राजू और उसके पिता संतू कोठारी के बीच घर में शराब पीने और अन्य लोगों को बुलाकर शराब सेवन कराने की बात को लेकर विवाद शुरू हुआ।
देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर आरोपी ने घर में रखे लकड़ी के डंडे से अपने पिता पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में संतू कोठारी को शरीर के विभिन्न हिस्सों में गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
वारदात के बाद आरोपी ने घटना के साक्ष्य मिटाने की कोशिश करते हुए घटनास्थल की साफ-सफाई की और मृतक को खाट पर लिटा दिया। सूचना मिलने पर तिल्दा नेवरा पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग पंचनामा, शव परीक्षण एवं घटनास्थल निरीक्षण की कार्रवाई करते हुए आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी बीरेन्द्र कोठारी उर्फ राजू को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा भी जप्त कर लिया है।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामले की विवेचना जारी है।




