
तिल्दा-नेवरा:
सोशल मीडिया और कुछ समाचार माध्यमों में फैल रही भ्रामक खबरों को लेकर तिल्दा-नेवरा की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रकला डॉ. खुमान वर्मा ने अपनी छवि धूमिल करने की साजिश का आरोप लगाते हुए देर शाम थाना तिल्दा-नेवरा पहुंचकर पुलिस को ज्ञापन सौंपा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।
अध्यक्ष वर्मा ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जिस मामले में उनका नाम जोड़ा जा रहा है, उससे उनका कोई संबंध नहीं है। इसके बावजूद कुछ असामाजिक तत्व सोशल मीडिया और समाचार प्लेटफॉर्म पर उनका नाम जोड़कर भ्रामक माहौल बना रहे हैं। उन्होंने इसे उनकी राजनीतिक साख को नुकसान पहुंचाने की सुनियोजित कोशिश बताया।
थाना पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में नगर पालिका के कई जनप्रतिनिधि और पार्षद एकजुट नजर आए। सभापति ईश्वर यदु सहित सतीश निषाद, धर्मेंद्र डहरिया, प्रेम कोसले, यशवंत वर्मा, मनोज साहू, रामेश्वर साहू, सागर पंजवानी, यशवंत सेन, आदर्श वर्मा, भूषण निषाद, मुनेश साहू, अनिल नायक और आदित्य वर्मा प्रमुख रूप से मौजूद रहे। सभी ने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया है कि कुछ लोग जानबूझकर अध्यक्ष का नाम इस्तेमाल कर झूठी जानकारी फैला रहे हैं, जिससे जनता के बीच भ्रम की स्थिति बन रही है। इस पर आईटी एक्ट, मानहानि और अन्य संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की मांग की गई है।
अध्यक्ष चंद्रकला डॉ. खुमान वर्मा ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि ऐसी गतिविधियां बंद नहीं हुईं, तो वे संबंधित लोगों के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दर्ज कराने से पीछे नहीं हटेंगी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में आलोचना स्वीकार्य है, लेकिन झूठ और षड्यंत्र के जरिए छवि खराब करना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।





