छत्तीसगढ़ में राशन वितरण की समय-सीमा बढ़ी: अब 15 मई तक मिलेगा तीन महीने का खाद्यान्न

रायपुर।
छत्तीसगढ़ में राशनकार्डधारी परिवारों को बड़ी राहत मिली है। सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के तहत खाद्यान्न वितरण की समय-सीमा बढ़ा दी गई है। अब पात्र हितग्राही अप्रैल से जून 2026 तक का एकमुश्त राशन 15 मई 2026 तक प्राप्त कर सकेंगे।
खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार, कई लाभार्थी निर्धारित समय-सीमा के भीतर राशन नहीं ले पाए थे। इसी कारण सरकार ने वितरण अवधि बढ़ाने का निर्णय लिया है, ताकि कोई भी पात्र परिवार योजना के लाभ से वंचित न रह जाए।
विभाग ने सभी उचित मूल्य दुकानदारों और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि तय समय-सीमा के भीतर सभी राशनकार्डधारियों को खाद्यान्न का वितरण सुनिश्चित किया जाए।
साथ ही हितग्राहियों से अपील की गई है कि वे जल्द से जल्द अपने नजदीकी राशन दुकान पहुंचकर निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न प्राप्त करें, ताकि अंतिम समय की भीड़ और परेशानी से बचा जा सके।
इस फैसले से प्रदेश के लाखों राशनकार्डधारियों को राहत मिलने की उम्मीद है।



